हार के बाद साउथ अफ्रीका का बड़ा फैसला: ट्रिस्टन स्टब्स को टीम से किया बाहर, क्या है तेम्बा बावुमा का नया प्लान?
साउथ अफ्रीका ने डरबन टेस्ट में मिली हार के बाद अपनी टीम में बदलाव किया है. उसने गकेबरहा में होने वाले मैच के लिए ट्रिस्टन स्टब्स को बाहर कर दिया है. उनकी जगह मैथ्यू ब्रीट्जके को शामिल किया गया है.
साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. तीन मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद कप्तान तेम्बा बावुमा ने अपने स्क्वॉड में बड़ा बदलाव किया है. उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को बाहर कर दिया है. उनकी जगह मैथ्यू ब्रीट्जके को टीम में शामिल किया है. ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में खेले गए पहले टेस्ट मैच को 214 रनों से अपने नाम किया था.
बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका को 13 मैचों में पहली हार का सामना करना पड़ा है. इससे टीम को झटका लगा और उसने अगले टेस्ट मैच के लिए रयान रिकेल्टन को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंप दी. पहले मैच में स्टब्स ने 32 और एक रन बनाए थे. उन्होंने भारत के खिलाफ लगभग 11 महीने पहले 94 रनों की शानदार पारी खेली थी. उसके बाद से वह आउट ऑफ फॉर्म हो गए. इसके खामियाजा आखिरकार उन्हें भुगतना पड़ा है.
ब्रीट्जके टीम में क्यों आए?
वनडे और टी20 क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले मैथ्यू ब्रीट्जके को टेस्ट में मौका मिला है. सीमित ओवर क्रिकेट में बेहतर खेल दिखाने के बाद उन्हें सबेस लंबे फॉर्मेट के लिए चुना गया है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डरबन में खेले गए वनडे मैच में भी शतक लगाया था. ब्रीट्जके ने फरवरी के बाद से कोई रेड बॉल क्रिकेट मैच नहीं खेला है. ऐसे में कंगारू टीम के खिलाफ उन्हें मौका मिलता है तो उनकी कड़ी परीक्षा होगी.
ब्रीट्जके का करियर
दाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने साउथ अफ्रीका के लिए दो टेस्ट मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 14 रन बनाए. वह 64 फर्स्ट क्लास मैचों में 37.03 की औसत से 3852 रन बना चुके हैं. उन्होंने 10 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं. ब्रीट्जके ने अक्टूबर 2024 में अपना पहला टेस्ट मैच बांग्लादेश और जून 2025 में पिछला टेस्ट मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था.
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु में होगा IND vs WI सीरीज का फैसला: कोहली के मैदान पर कैसा है भारत-वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड?
अब बावुमा का क्या है प्लान?
अपनी कप्तानी में पहली हार के बाद बावुमा ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव के संकेत दे दिए हैं. रिकेल्टन को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी है. इसका मतलब है कि विकेटकीपर काइल वेरेन का प्लेइंग-11 से बाहर होना तय है. वह पिछली 13 पारियों में फिफ्टी नहीं लगा पाए हैं. इसके अलावा एडेन मार्करम को ओपनिंग की जगह मध्यक्रम में डाला जा सकता है. टोनी डी जॉर्जी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं. वह मार्करम के साथ लगातार ओपनिंग करते आ रहे थे. बावुमा अगले टेस्ट मैच में रिकेल्टन के साथ ब्रीट्जके या मार्केस एकरमैन से ओपनिंग करवा सकते हैं. एकरमैन ने अभी तक डेब्यू नहीं किया है.
दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
तेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्केस एकरमैन, डेविड बेडिंघम, मैथ्यू ब्रीट्जके, कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएट्जी, साइमन हार्मर, मार्को यानसेन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिच नॉर्खिया, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन और काइल वेरेन.