SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जिस रोहित से कांपते थे गेंदबाज, उसी का न्यूजीलैंड में हुआ बुरा हाल, 7.50 की औसत से दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज किसी बुरे सपने से कम नहीं रही. 5 मैचों में सिर्फ 30 रन और 7.50 की औसत के साथ हिटमैन ने अपने ODI करियर का सबसे खराब रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 16, 2026, 10:00 IST | Updated: Nov 16, 2026, 10:21 IST
Image Credit: Rohit Sharma
Join

भारतीय क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड का दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. मैदान पर बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले 'हिटमैन' इस बार रनों के लिए तरसते नजर आए. हालात ऐसे रहे कि उनके नाम ODI करियर का सबसे खराब रिकॉर्ड दर्ज हो गया. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की ODI सीरीज में रोहित सिर्फ 30 रन बना सके. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत महज 7.50 रहा, जो बतौर ओपनर किसी द्विपक्षीय ODI सीरीज में उनके करियर का सबसे कम औसत है.

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने रोहित शर्मा पूरी तरह बेबस नजर आए. पांच मैचों की सीरीज में रोहित शर्मा को चार पारियों में बल्लेबाजी का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 0, 23, 0 और 7 रन के स्कोर बनाए. यानी चार पारियों में दो बार वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. सीरीज के पांचवें और आखिरी ODI में भी रोहित शर्मा का बल्ला खामोश रहा. रविवार को बे-ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में वह सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए. मैथ्यू फिशर की लेंथ गेंद पर उन्होंने फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मिडविकेट पर खड़े फील्डर के हाथों में चली गई.

रोहित शर्मा के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

यह सीरीज रोहित शर्मा के लिए काफी निराशाजनक रही, जो भारत के सबसे बेहतरीन ODI बल्लेबाजों में से एक रहे हैं. अलग-अलग देशों में उनके प्रदर्शन के आंकड़ों को देखें तो पता चलता है कि न्यूजीलैंड अब उन जगहों में शामिल हो गया है, जहां उनका ODI बल्लेबाजी औसत सबसे कम है.

न्यूजीलैंड में बल्ला रहा खामोश

दक्षिण अफ्रीका में रोहित शर्मा का ODI औसत 19.69 है, जो किसी भी देश में उनका सबसे कम औसत है. इसके बाद पाकिस्तान में 29.00 और न्यूजीलैंड में 29.18 का ODI औसत है. रोहित शर्मा का श्रीलंका में ODI औसत 31.13, बांग्लादेश में ODI औसत 34.08, वेस्टइंडीज में ODI औसत 48.09, भारत में ODI औसत 56.10, ऑस्ट्रेलिया में ODI औसत 56.66, जिम्बाब्वे में ODI औसत 59.83, UAE में ODI औसत 62.12 और इंग्लैंड में ODI औसत 64.12 है.

कोच के रूप में गौतम गंभीर की विदेश में पहली ODI सीरीज जीत

इस बीच, भारत ने आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में 22 रनों की जीत के साथ सीरीज का समापन किया. भारत ने 209 रनों के मामूली स्कोर का बचाव करते हुए सीरीज 3-1 से अपने नाम की. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड की घरेलू वनडे इंटरनेशनल सीरीज में सात साल से चली आ रही अजेय रहने की लय भी टूट गई. साथ ही, यह भारत के मुख्य कोच के रूप में गौतम गंभीर की विदेश में पहली वनडे सीरीज जीत रही.

इस जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही, जिसमें अर्शदीप सिंह ने 30 रन देकर 3 विकेट लिए. मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए, जिससे न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर सिमट गई. हालांकि, भारत की बल्लेबाजी एक बार फिर उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. रोहित और विराट कोहली सिंगल डिजिट (10 से कम) स्कोर पर आउट हो गए, जबकि अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रनों के साथ सबसे ज्यादा स्कोर बनाए. 

न्यूजीलैंड में रोहित का शर्मनाक रिकॉर्ड

निचले क्रम के बल्लेबाजों का योगदान, खासकर सिराज और अर्शदीप के बीच आखिरी विकेट के लिए 26 रनों की साझेदारी, भारत को 200 रनों के पार पहुंचाने में निर्णायक साबित हुई. हालांकि, रोहित के लिए यह सीरीज एक अनचाहे व्यक्तिगत रिकॉर्ड के कारण याद रखी जाएगी. एक ओपनर के तौर पर किसी ODI सीरीज में उनका 7.50 का औसत अब तक का सबसे निचला स्तर है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES