पूर्व भारतीय कप्तान और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने पहली बार अपने रिटायरमेंट की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है. हिटमैन ने अपने शो पर इस बारे में बातचीत की और मुस्कुराते हुए संन्यास की अफवाहों का जवाब दिया. दरअसल, जब टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर एकदिवसीय सीरीज खेल रही थी, तब ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि लॉर्ड्स में होने वाला सीरीज का आखिरी मैच रोहित के इंटरनेशनल करियर का अंतिम मुकाबला होगा. लॉर्ड्स में हुए उस मैच में हिटमैन ने शानदार शतक जड़ दिया. उसके बाद ये रिपोर्ट सामने आई कि इस सेंचुरी के कारण रोहित ने अपने करियर को बचा लिया है.
इस मामले में सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए तो कई खबरें सामने आई, लेकिन रोहित ने कभी कुछ नहीं कहा. हालांकि, अब उन्होंने इसका जवाब दिया है और रिटायरमेंट की खबर को अफवाह बताया है. उन्होंने अपने टीवी शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में सच्चाई बताई.
हिटमैन के शो में एक्ट्रेस करिश्मा कपूर और एक्टर चंकी पांडे मेहमान बनकर आए थे. दोनों फैन के सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें उनसे उनके बारे में सुनी गई किसी ‘मशहूर अफवाह’ के बारे में पूछा गया था. जहां करिश्मा कपूर ने अपनी डाइट के बारे में बात की, वहीं चंकी पांडे ने अपने कंजूस होने की कथित अफवाह पर चर्चा की. इसी बीच रोहित ने भी इन खबरों पर अपनी बात रखी.
रोहित शर्मा ने कहा, ''मेरे बारे में जो अफवाह मैंने सुनी है - जो मैंने सुनी थी और अभी भी सुन रहा हूं - वह यह है कि मैं रिटायर होने वाला हूं. मुझे उम्मीद है कि हम तीनों के बारे में चल रही ये सभी अफवाहें अब गलत साबित हो गई होंगी.''
Rohit Sharma on his retirement rumours https://t.co/qOPu0ewfov
— Rohshh45 (@rohshh45) October 25, 2026
ऐसी काफी चर्चा रही है कि तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर नहीं चाहते थे कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा खेलें. उनकी योजना यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल करने की थी. अगरकर ने दक्षिण क्षेत्र के चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा के जरिए रोहित को ये संदेश भेजा था. हालांकि, अब रोहित ने इस खबर को सिर्फ 'अफवाह' बताया है.
रोहित शर्मा अब न्यूजीलैंड दौरे पर एक्शन में होंगे, जहां टीम इंडिया 5 मैचों की ODI सीरीज खेलेगी. अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिहाज से ये सीरीज काफी अहम होगी. रोहित इस दौरे को हिट बनाने की पूरी कोशिश करेंगे. उनके अलावा फैंस की नजर विराट कोहली पर भी होगी. RoKo के नाम से मशहूर रोहित-कोहली अब सिर्फ एकदिवसीय क्रिकेट में एक्टिव हैं.