SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कैप्टन 'हिटमैन' की वापसी तय! रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलेंगे हार्दिक पांड्या? IPL में चौंकाने के लिए तैयार मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस ने अपने पांच बार के आईपीएल चैंपियन कप्तान रोहित शर्मा को फिर से कमान सौंपने का मन बना लिया है. हार्दिक पांड्या की कुर्सी जाने वाली है और अगर कोई ट्रेड नहीं होता है तो उन्हें रोहित की कप्तानी में खेलना पड़ सकता है.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 30, 2026, 08:20 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 08:23 PM IST
Image Credit: रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या. BCCI
Join

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के लाखों फैंस को जल्द ही बड़ी खुशखबरी मिल सकती है. वह आईपीएल के आगामी सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए फिर से दिख सकते हैं. मुंबई को पांच बार खिताब दिलाने वाले रोहित को 2023 तक टीम के कैप्टन थे. उनके बाद हार्दिक पांड्या को कमान दे दी गई थी. हार्दिक की नाकामी को तीन सीजन तक देखने के बाद फ्रेंचाइजी अपने सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी के पास वापस जाना चाहती है.

हार्दिक के भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं. कई टीमों के साथ उनका नाम जुड़ रहा है. चेन्नई सुपरकिंग्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड की खबरों ने सुर्खियां बटोरी हैं. अब रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि अगर उनका कोई डील पक्का नहीं होता है तो वह रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने को लेकर तैयार हैं. वह किसी अन्य टीम में जाने की जिद पर नहीं अड़े हैं.

कप्तानी का 'म्यूजिकल चेयर'

'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में यह कहा गया है कि मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाने का मन बना लिया है. हार्दिक ने 2024 में रोहित की जगह कप्तानी संभाली थी. अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि दोनों अगर साथ खेलते हैं तो उनका रिश्ता कैसा रहता है. हार्दिक की कप्तानी में मुंबई की टीम पिछले तीन सीजन में सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ में पहुंच पाई और इस दौरान उनक प्रदर्शन भी अपेक्षा के अनुरुप नहीं रहा है. इसके बाद उनके ऊपर कप्तानी छोड़ने का दबाव बढ़ गया.

कप्तानी की रेस में कई नाम

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस पिछले सीजन के समाप्त होने के बाद से ही रोहित को कप्तानी देने के बार में सोच रही है. सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज भी इस रेस में हैं. यहां तक कि युवा तिलक वर्मा पर भी फ्रेंचाइजी को काफी ज्यादा भरोसा है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को लगता है कि रोहित एक या दो सीजन में कप्तानी संभालकर तिलक या किसी अन्य युवा को तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: पावरप्ले में छूटा मोमेंटम, टीम इंडिया ने लुटाए 259 रन: न्यूजीलैंड से हार के बाद अय्यर ने स्वीकार की गलती

क्या कप्तानी संभालने के लिए तैयार हैं रोहित?

'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रोहित ने फ्रेंचाइजी द्वारा संपर्क किए जाने के बाद पहले तिलक वर्मा को कप्तानी देने का सुझाव दिया था. हालांकि, फ्रेंचाइजी को लगता है कि बदलाव के दौर में एक अनुभवी कप्तान की जरूरत है. इसी मामले पर रोहित और मैनेजमेंट के बीच कई दौर की बात हुई. उसके बाद हिटमैन फिर से कमान संभालने के लिए तैयार हुए हैं. इसे लेकर नए कोच कीरोन पोलार्ड से भी बात हो चुकी थी. इससे स्पष्ट है कि हिटमैन पहले से ही इस पद के लिए पसंदीदा बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें: एशिया कप में खेलेंगे आर्यवीर और अन्वय: विरासत आगे बढ़ाने को तैयार द्रविड़-सहवाग के लाडले, जाने स्क्वॉड और शेड्यूल

मुंबई के कोचिंग स्टाफ में भी हुआ बदलाव

मुंबई इंडियंस ने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है. हेड कोच महेला जयवर्धने के साथ-साथ लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे को भी हटाया गया है. पोलार्ड नए कोच बने हैं और रॉबिन उथप्पा बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम के साथ आए हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच बनाया गया है. भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप को उसी पद के लिए फ्रेंचाइजी में लाया गया है. धवल कुलकर्णी डेवलपमेंट बॉलिंग कोच के रूप में टीम के साथ होंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES