टीम इंडिया में वापसी का इंतजार कर रहे रिंकू सिंह ने डोमेस्टिक क्रिकेट में अपने बल्ले से जोरदार जवाब दिया है. रिंकू सिंह ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में लगातार दूसरे मुकाबले में शतक लगाया. उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए रिंकू सिंह ने पहले बिहार के खिलाफ 112 रन बनाए थे. इसके बाद गोवा के खिलाफ भी उनका बल्ला जमकर बोला और उन्होंने 118 रन की नाबाद पारी खेली. लगातार दो शतक उनके शानदार फॉर्म की गवाही दे रहे हैं.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमेटी रिंकू सिंह को लगातार नजरअंदाज कर रही, लेकिन अब उन्होंने रणजी ट्रॉफी (2026-27) सीजन में बैक-टू-बैक दो शतक जड़कर एक बार फिर टीम इंडिया का दरवाजा पीटा है. रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं.
न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली. ऐसे में डोमेस्टिक क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी अहम हो गया है. लगातार दो शतक लगाकर रिंकू सिंह ने सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है. हालांकि, इन पारियों के दम पर उनकी टीम इंडिया में वापसी तय नहीं मानी जा सकती, लेकिन उन्होंने सेलेक्शन के लिए अपनी दावेदारी जरूर मजबूत की है.
कानपुर में रविवार को उत्तर प्रदेश और गोवा के बीच रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए का मुकाबला शुरू हुआ. उत्तर प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही. अभिषेक गोस्वामी 5 रन, आर्यन जुयाल 14 रन और कप्तान करन शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए. इससे उत्तर प्रदेश का स्कोर 33 रन पर तीन विकेट हो गया और टीम मुश्किल में नजर आने लगी.
शुरुआती झटकों के बाद माधव कौशिक ने 96 गेंदों पर 45 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की. उनके आउट होने के बाद उत्तर प्रदेश का स्कोर 90 रन पर चार विकेट हो गया. यहां से रिंकू सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और एक छोर पर डटे रहे. उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके और 2 छक्के लगाए. दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे, लेकिन रिंकू सिंह ने अपना संयम नहीं खोया और टीम को 71 ओवर में 202 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. वह 118 रन बनाकर नाबाद लौटे.
गोवा की ओर से लेग स्पिनर यश कसवांकर सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 25 ओवर में 86 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया. ऋत्विक नाइक ने दो विकेट चटकाए, जबकि शुभम तारी और ललित यादव को एक-एक सफलता मिली. इसके बावजूद गोवा की टीम रिंकू सिंह को आउट करने में नाकाम रही और वह अपनी टीम के लिए अहम रन जोड़ने में सफल रहे.
उत्तर प्रदेश की पहली पारी 202 रन पर सिमटने के बाद गोवा ने बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत की. दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 12 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए थे. विकेटकीपर बल्लेबाज शिवेंद्र भुजबल 39 गेंदों पर 31 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि सुयश प्रभुदेसाई 12 रन पर खेल रहे थे. गोवा की टीम अभी उत्तर प्रदेश से 159 रन पीछे थी.
112 रन - उत्तर प्रदेश बनाम बिहार (11 अक्टूबर 2026)
118 रन - उत्तर प्रदेश बनाम गोवा (18 अक्टूबर 2026)
118* रन (136 गेंद), 112 रन (168 गेंद), 176* रन (247 गेंद), 165* रन (273 गेंद), 68 रन (131 गेंद), 89 रन (110 गेंद), 26 रन (32 गेंद), 10 रन (8 गेंद), 92 रन (136 गेंद), 108 रन (148 गेंद)
पारियां - 10
रन - 964
औसत - 137.7