SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

WCL से हो गया पाकिस्तान का पैकअप: भारतीय खिलाड़ियों से माफी मंगवाने चले थे नकवी... निकल गई सारी हेकड़ी

World Championship of Legends: 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' देख रहे पाकिस्तान को करारा झटका लगा है. WCL में हिस्सा लेने के लिए PCB ने कुछ अजीबोगरीब शर्तें रखी थी, जिसे मानने से मैनेजमेंट ने साफ इनकार कर दिया.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 05, 2026, 06:51 PM IST | Updated: Oct 05, 2026, 07:10 PM IST
Image Credit: X Photo
Join

World Championship of Legends: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को जिद पर अड़े रहने की भारी कीमत चुकानी पड़ी है. दरअसल, पाकिस्तान ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स' (WCL) के तीसरे सीजन से अपना नाम वापस ले लिया और अब टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगी. इससे पहले, बांग्लादेश के साथ टीम का मैच "तकनीकी कारणों" से टाल दिया गया था, लेकिन यह बात सबको पता थी कि मैनेजमेंट पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से मिलने वाली NoC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) का इंतजार कर रहा था.

मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी ने NoC तो जारी की, लेकिन कुछ शर्तें भी रखीं, जिन्हें आयोजकों ने मानने से इनकार कर दिया और WCL में भी पाकिस्तान की भयंकर बेइज्जती हो गई. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चाहता था कि पिछले साल हुए ड्रामे के बाद भारतीय खिलाड़ी उनसे माफी मांगे. ये 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' की तरह था, जब आंख खुली तो करारा झटका लगा.

WCL से हो गया पाकिस्तान का पैकअप

बता दें कि पिछले साल, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने WCL में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था. पहले तो ग्रुप-स्टेज का मैच रद्द कर दिया गया और भारतीय टीम सेमीफाइनल से पहले भी अपने रुख पर अड़ी रही, जिसके चलते पाकिस्तान को वॉकओवर मिल गया और वो फाइनल में पहुंच गया, लेकिन फाइनल मुकाबले में उसे दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा. दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ भी नहीं मिलाए गए.

सूत्रों के मुताबिक, PCB चाहता था कि भारतीय खेमा पिछले साल हुए ड्रामे के लिए माफी मांगे. हालांकि, WCL आयोजन समिति ने इन मांगों को मानने से इनकार कर दिया, जिसके चलते पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट गया.

WCL मैनेजमेंट ने पाकिस्तान को दिखाया ठेंगा

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, PCB कुछ शर्तों के साथ WCL के लिए पाकिस्तान चैंपियंस टीम को NOC जारी करने पर सहमत हो गया था. हालांकि, WCL मैनेजमेंट PCB की किसी भी मांग पर सहमत नहीं हुआ. सूत्र ने बताया कि पीसीबी चाहता था कि भारतीय खिलाड़ी पिछले साल मैदान पर न उतरने के लिए लिखित माफी मांगें और साथ ही बोर्ड यह भी चाहता था कि भारतीय टीम इस बार हाथ मिलाने के लिए तैयार रहे. हालांकि, WCL ने सिर्फ कमर्शियल टीमों को ही मंजूरी दी और माफी मांगने और हाथ मिलाने वाली बात को ठुकरा दिया.

इससे पहले, WCL सीजन 3 के आयोजकों ने टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होना था. हालांकि, अब यह मैच नहीं होगा क्योंकि पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर इस प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया है. पाकिस्तान चैंपियंस WCL के पिछले दोनों सीजन में रनर-अप रही थी.
 


 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES