SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'बस बहुत हुआ... अब बंद करो', बाबर आजम पर सवाल सुनते ही आपा खो बैठे कोच माइक हेसन; प्रेस कॉन्फ्रेंस में मचा हंगामा

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम एक बार फिर से टेस्ट मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए. कोच माइक हेसन से उनकी फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया तो वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में भड़क गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 18, 2026, 22:42 IST | Updated: Nov 18, 2026, 22:46 IST
Image Credit: बाबर आजम, माइक हेसन. AP/Screenshot
Join

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का टेस्ट में शतक का इंतजार कायम है. वह श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाए. वह आठ रन बनाकर लाहिरू कुमारा की एक स्विंग गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए. उनके फेल होने के बाद कोच माइक हेसन से इस पारी के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछा गया तो वह भड़क गए. वह बाबर को लेकर बार-बार पूछे जा रहे सवालों से परेशान नजर आए.

बाबर लगातार 22 टेस्ट मैचों में शतक नहीं लगा पाए. उनके बल्ले से पिछली सेंचुरी दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आई थी. बाबर ने तब कराची टेस्ट की पहली पारी में 161 रन बनाए थे. अब लगभग चार साल हो गए हैं और बाबर क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में सैकड़ा नहीं लगा पाए हैं. वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट की तीन पारियों में 50, 34 और 8 का स्कोर ही बना पाए हैं. हेसन से एक पत्रकार ने पूछा कि क्या अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप से पहले बाबर के फॉर्म को लेकर क्या पाकिस्तानी फैंस को चिंता करनी चाहिए? इस पर वह अपना सब्र खो बैठे. उन्होंने कहा कि वह बाबर के प्रदर्शन पर बात करते-करते थक गए हैं और चाहते हैं कि फोकस उस क्रिकेट पर हो जो पाकिस्तान श्रीलंका के खिलाफ खेल रहा है.

हेसन ने क्या कहा?

हेसन ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो, मेरे लिए ये सवाल बहुत हो गए हैं. आप हर प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ही सवाल पूछते हैं. बाबर का टेस्ट क्रिकेट में औसत 50 के करीब है, इसलिए हम निश्चित रूप से उसके बारे में चिंतित नहीं हैं. मैं आपको वही जवाब दूंगा जो मैंने पिछली बार दिया था. क्या हम हर बार एक ही सवाल पर बात करना बंद कर सकते हैं और असल में खेले जा रहे क्रिकेट के बारे में पूछ सकते हैं? पाकिस्तान यहां अच्छा क्रिकेट खेल रहा है, तो क्यों न हम उस पर ध्यान देना शुरू करें? अगला सवाल, प्लीज.''

 

 

ये भी पढ़ें: 'कमिंस झूठ बोल रहे हैं...', बॉल टैम्परिंग पर बैनक्रॉफ्ट के खुलासे से हिल गया ऑस्ट्रेलिया, कप्तान के दावे को किया खारिज

बाबर के तीन पारियों में 92 रन

बाबर ने सीरीज की तीन पारियों में 30.66 के औसत से 92 रन बनाए हैं. इन नंबरों ने उनके फॉर्म के बारे में सवालों को शांत करने में कोई खास मदद नहीं की. हालांकि, हेसन बैटर के प्रदर्शन के बारे में एक और बहस में शामिल होने को तैयार नहीं थे. दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के प्रदर्शन ने हेसन को उम्मीद जगाने के और भी कारण दिए. श्रीलंका को पहली पारी में सिर्फ 98 रन पर आउट करने के बाद मेजबान टीम ने बल्लेबाजी में कुछ झटकों से उबरकर 325 रन बनाए.

ये भी पढ़ें: CSK ने अमर किया एमएस धोनी का नाम: रिटायर की गई 7 नंबर की आइकॉनिक जर्सी! माही ने क्यों चुना था यही लकी नंबर?

लाहिरू ने लिए 5 विकेट

विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी घोरी ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए. रजाउल्लाह ने आखिर में 32 गेंदों पर 42 रन बनाकर जबरदस्त वापसी की. लाहिरू कुमारा श्रीलंका के सबसे सफल बॉलर रहे. उन्होंने 95 रन देकर पांच विकेट लिए. पाकिस्तान के पेस अटैक ने दूसरी इनिंग में भी मेहमान टीम को परेशान करना जारी रखा. दूसरे दिन स्टंप्स से पहले तीन विकेट लिए. श्रीलंका ने दिन का खेल 74/3 पर खत्म किया. वह अभी भी पाकिस्तान से 153 रन पीछे है. इससे मेजबान टीम ने रावलपिंडी में दूसरे टेस्ट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES