SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

धोनी के संन्यास की इनसाइड स्टोरी: 'लिस्ट में मुझे भी जोड़ दीजिए...', वीडियो कॉल पर माही ने सबको अचानक चौंकाया

एमएस धोनी आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं, ये खबर भारत के हर कोने में फैल चुकी है. अब वह बतौर मेंटॉर टीम के साथ काम करेंगे. लेकिन इसकी शुरुआत कहां से हुई, ये सीएसके की ओनर रूपा गुरुनाथ ने समझाया.

Written By Kavya Yadav
Published: Nov 17, 2026, 23:19 IST | Updated: Nov 17, 2026, 23:24 IST
Join

एमएस धोनी की रिटायरमेंट की खबर आग की तरह फैली. अभी भी फैंस के लिए भरोसा करना मुश्किल हो रहा है, कि धोनी अगले साल मैदान में नजर नहीं आएंगे. लेकिन इसकी शुरुआत कहां से हुई, हर बार एक साल बढ़ाने वाले धोनी ने अचानक आईपीएल करियर पर विराम कैसे और कब लगा दिया, ये हम आपको समझाते हैं. इसके पीछे की इनसाइड स्टोरी रूपा गुरुनाथ ने बताई. उन्होंने खुलासा किया कि धोनी 3 दिन पहले ही फ्रेंचाइजी को जानकारी दे चुके थे.

आईपीएल 2026 में एमएस धोनी ने एक भी मुकाबला नहीं खेला था. पहले इंजरी के चलते बाहर रहे, फिर उसके बाद उन्होंने टीम कॉम्बिनेशन को छेड़ना उचित नहीं समझा. इसके बाद से ही कयास लगाए जाने लगे कि ये सीजन धोनी का आखिरी हो सकता है. हालांकि, आईपीएल के बाद भी कुछ महीनों तक ऐलान नहीं हुआ, तो ऐसे कयासों पर विराम लग गया. लेकिन रूपा गुरुनाथ ने धोनी की वीडियोकॉल का खुलासा किया और बताया कि कैसे उनकी एक लाइन से मीटिंग रूम में सन्नाटा छा गया.

क्या बोली रूपा गुरुनाथ?

रूपा गुरुनाथ ने सीएसके द्वारा वीडियो में कहा, "हमारे सभी सुपर फैंस को सबसे पहले पिछले दो दशकों में इस टीम को दिए गए प्यार और स्नेह के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं. आप सभी के साथ यह सफर काफी लंबा और शानदार रहा. जब मैं 2008 के ऑक्शन को याद करती हूं, तो मुझे याद आता है कि जब मेरे पिता इस टीम को खरीदना चाहते थे, तो एक बात को लेकर वे स्पष्ट थे, कि धोनी कप्तान होंगे. यह एक बहुत बड़ा फैसला था और हमारे द्वारा लिए गए सबसे बेहतरीन फैसलों में से एक था. पिछले 20 सालों से, चेन्नई सुपर किंग्स और एमएस धोनी एक साथ चले हैं. उतार-चढ़ाव और हर तरह के हालात में, वे हमेशा एक-दूसरे के साथ रहे हैं. हमने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है."

धोनी की एक लाइन से पसरा सन्नाटा

उन्होंने आगे बताया, "कुछ महीने पहले जब मेरी उनसे मुलाकात हुई, तो उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें पक्का नहीं पता कि वे आने वाले सीजन में खेल पाएंगे या नहीं. शनिवार को हम एक कॉल पर अपनी टीम से रिलीज होने वाले खिलाड़ियों के बारे में चर्चा कर रहे थे. हमने क्रिकेट से जुड़ी कई बातें कीं. हम अगले सीजन के प्लान पर विचार कर रहे थे, कि हमें किन खिलाड़ियों को चुनना चाहिए. काफी चर्चा हुई, और कॉल के आखिर में जब काशी रिलीज होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पढ़ रहे थे, तो एमएस ने बहुत शांति से कहा, 'शायद आपको मेरा नाम भी इसमें जोड़ देना चाहिए."

ये भी पढ़ें... IPL 2027 Retention: ट्रेविस हेड, दीपक चाहर और पथिराना की छुट्टी, देखें सभी 10 टीमों की रिटेन-रिलीज लिस्ट

"आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन उसी पल वह वीडियो कॉल कट गई. मैंने उन्हें वापस कॉल किया और कहा, 'पता है, ऐसा लगता है कि इंटरनेट भी इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पाया कि आप अगले सीजन में नहीं खेलेंगे!' लेकिन इन सब बातों को एक तरफ रख दें, तो यह मेरे लिए बहुत मुश्किल दिन था. यह एक बहुत ही कठिन पल है. मुझे नहीं लगता कि कोई भी इंसान कभी ऐसी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार हो सकता है."
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

4 साल से खेल पत्रकारिता में सक्रिय. 2022 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर डेब्यू किया. क्रिकट्रैकर, न्यूज18 से होते हुए अब जी न्यूज हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं. खेल जगत की हर हलचल, हर खास कहानी और हर ब्रेकिंग न्यूज पर पकड़. IPL, ODI World Cup, T20 World Cup, Olympics समेत कई बड़े इवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES