)
18 साल के मोहित उल्वा रातोंरात करोड़ों भारतीय फैंस के लिए हीरो बन गए हैं. भारत को जब पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मैच में आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन चाहिए थे, तब मोहित उल्वा ने ऐसा धमाका किया कि पूरा स्टेडियम झूम उठा. मोहित उल्वा ने पाकिस्तान के लेग स्पिनर अहमद हुसैन की आखिरी गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से शानदार चौका जड़ दिया. इसी के साथ भारत ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की और नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया.
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था. इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की. ओपनिंग जोड़ी आर्यवीर सहवाग ने 58 रन और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रनों की शानदार पारी खेली. दोनों के बीच 95 रनों की साझेदारी हुई. हालांकि, इसके बाद भारतीय मिडिल ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया. 42वें ओवर में भारत का स्कोर 252 रन पर 8 विकेट हो गया था. ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान यह मुकाबला आसानी से जीत जाएगा, लेकिन क्रीज पर मौजूद मोहित उल्वा ने हार मानने से इनकार कर दिया.
मोहित उल्वा ने सबसे अहम मौके पर अपना संयम बनाए रखा. मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साहसिक साझेदारी करके मैच का पासा पलट दिया. भारत ने पूरे 50 ओवर खेलते हुए 9 विकेट पर 339 रन बनाए और आखिरी गेंद पर बेहद रोमांचक तरीके से यह मैच जीत लिया. जहां मनाल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, वहीं मोहित उल्वा 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे.
18 साल के मोहित उल्वा दाएं हाथ के मीडियम पेसर और बल्लेबाज हैं. उनके क्रिकेट सफर की शुरुआत उनके गांव में टेनिस-बॉल क्रिकेट से हुई थी.मोहित उल्वा के पिता रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) में काम करते हैं. पिता ने मोहित उल्वा के टैलेंट को पहचाना और उन्हें किसी एकेडमी में जाकर ट्रेनिंग लेने के लिए प्रोत्साहित किया. इसके बाद मोहित उल्वा जामनगर के 'क्रिकेट बंगला' से जुड़ गए, जहां उन्होंने महेंद्रसिंह चौहान की देखरेख में ट्रेनिंग ली. दिलचस्प बात यह है कि चौहान वही कोच हैं, जिन्होंने भारत के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी गाइड किया था.
दिलचस्प बात यह भी है कि मोहित उल्वा ने अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत एक तेज गेंदबाज के रूप में नहीं की थी. शुरुआत में उन्होंने एक ऑफ-स्पिनर के तौर पर ट्रेनिंग ली थी. हालांकि, कोच चौहान ने उनके खेल के एक और पहलू को निखारने का मौका देखा. मोहित उल्वा के दुबले-पतले शरीर और अच्छी दौड़ने की क्षमता को देखते हुए, कोच ने उन्हें तेज गेंदबाजी (फास्ट बॉलिंग) में हाथ आजमाने की सलाह दी. उस सलाह ने आगे चलकर उन्हें एक राइट-आर्म मीडियम पेसर के रूप में ढलने में मदद की. सौराष्ट्र के एज-ग्रुप क्रिकेट सिस्टम से होते हुए, मोहित उल्वा ने अंततः भारत की अंडर-19 टीम में अपनी जगह बनाई.