SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर करने पर मचा बवाल, कांग्रेस सांसद ने लगाया भेदभाव का आरोप, रवि शास्त्री-गावस्कर भी भड़के

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर विवाद बढ़ गया है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज के साथ भेदभाव होने का आरोप लगाया है.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 20, 2026, 12:27 IST | Updated: Nov 20, 2026, 12:55 IST
Image Credit: Mohammed Siraj And Imran Masood
Join

भारत के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर जारी पहले टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया. इस घटना के बाद क्रिकेट जगत से लेकर राजनीति के गलियारों में भी तूफान मचा हुआ है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शुक्रवार को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन से क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने पर सवाल उठाया. इमरान मसूद ने इसे मोहम्मद सिराज के साथ 'भेदभाव' बताया है. 

इमरान मसूद ने कहा कि पिछले मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद इस तेज गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया. कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने आरोप लगाते हुए कहा, 'कहा जा रहा है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई. उनका नाम 'सिराज' है और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली. अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है.'

मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर करने पर मचा बवाल

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से मोहम्मद सिराज को बाहर रखने पर क्रिकेट एक्सपर्ट्स और पूर्व क्रिकेटरों ने भी कड़ी आलोचना की है. भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री, जिनके कार्यकाल में मोहम्मद सिराज ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था, उन्होंने  एक्स पर पोस्ट किया कि 'सिराज कहां थे? जबकि उनके पास काफी अनुभव और आक्रामकता है, और उनमें गेंद से कुछ भी कर दिखाने की क्षमता है. उम्मीद है कि भारत जोरदार वापसी करेगा, लेकिन अगर पैमाना स्पीड, टैलेंट और सीम मूवमेंट था, तो यह सवाल तो बनता ही है कि मोहम्मद सिराज कहां थे?'

सुनील गावस्कर ने उठाए सवाल

इसके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कमेंट्री के दौरान भी मोहम्मद सिराज को भारत की प्लेइंग इलेवन बाहर रखे जाने पर सवाल उठाया. सुनील गावस्कर ने जोर देकर कहा कि यह जोशीला तेज गेंदबाज कभी भारत को निराश नहीं करता और उनकी लय भी अच्छी थी. पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी भारतीय टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा है. 

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी किया सपोर्ट

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में न चुनना गलत है, क्योंकि जसप्रीत बुमराह की गैर-मौजूदगी में मोहम्मद सिराज ने अपनी प्रतिबद्धता, काबिलियत और लड़ने का जज्बा दिखाया था, इसलिए उन्हें मौका मिलना चाहिए था. मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 'एक्स' पर लिखा, 'भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज को न देखकर निराशा हुई. मोहम्मद सिराज ने हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है.'

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने आगे कहा, 'हालांकि मैं अंशुल कंबोज को शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन मेरा मानना ​​है कि मोहम्मद सिराज को मौका मिलना चाहिए था. मुझे उम्मीद है कि इस फैसले के बारे में उन्हें पूरी स्पष्टता और सम्मान के साथ समझाया जाएगा, जिसके वे हकदार हैं.' मोहम्मद सिराज को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर कई सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकिल में वह भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं. मोहम्मद सिराज ने 11 मैचों में 43 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका औसत 26.81 और स्ट्राइक रेट 45.69 रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES