App

वर्ल्ड कप का असली 'सिकंदर' ही टीम इंडिया से बाहर, दर्ज है ODI में सबसे अधिक बार 'पंजा' खोलने का रिकॉर्ड

ODI में भारत की तरफ से सबसे अधिक बार 'पंजा' खोलने और वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड होने के बावजूद इस भारतीय गेंदबाज को टीम में जगह नहीं मिल रही है.

वर्ल्ड कप का असली 'सिकंदर' ही टीम इंडिया से बाहर, दर्ज है ODI में सबसे अधिक बार 'पंजा' खोलने का रिकॉर्ड
Image Credit: Mohammed Shami

अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 50-ओवर वर्ल्ड कप का आयोजन होना है. भारत के साथ-साथ बाकी टीमें भी इस मेगा इवेंट की तैयारियों में जुट गई हैं. विश्व कप 2027 में चयनकर्ता किन 15 खिलाड़ियों को टीम में शामिल करेंगे, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा अभी से तेज हो गई है. एक ऐसा गेंदबाज है, जिसके नाम ODI में बतौर भारतीय सबसे अधिक पार 'पंजा' (5 विकेट) खोलने का रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन इसके बावजूद उसे टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही है. इतना ही नहीं, इस गेंदबाज के नाम 50-ओवर वर्ल्ड कप में भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट चटकाने का भी रिकॉर्ड दर्ज है.

हम बात कर रहे हैं स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की, जिन्होंने कुछ दिन पहले (3 सितंबर, 2026) ही अपना 36वां जन्मदिन मनाया. टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए वो लगातार डोमेस्टिक क्रिकेट में पसीना बहा रहे हैं. शमी दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन का हिस्सा थे.

शमी के नाम है सबसे ज्यादा 'पंजा' खोलने का रिकॉर्ड

दाएं हाथ के पेसर मोहम्मद शमी भारत की तरफ से एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. स्टार खिलाड़ी ने 6 बार ये कारनामा किया है. वो ODI में सबसे अधिक बार 'पंजा' खोलने वाले 10 गेंदबाजों की सूची में एकलौते भारतीय भी हैं. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस के नाम सबसे ज्यादा (13 बार) 5 विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है.

वर्ल्ड कप में शमी का शानदार रिकॉर्ड

बात करें मोहम्मद शमी की तो ये कहना गलत नहीं होगा कि वो इस टूर्नामेंट के सिकंदर हैं. विश्व कप में वो बिल्कुल अलग स्तर के गेंदबाज नजर आते हैं, जिनके आगे अच्छे-अच्छे बल्लेबाज घुटने टेकने पर मजबूर हो जाते हैं. मोहम्मद शमी ने अब तक तीन 50-ओवर विश्व कप में हिस्सा लिया है. 2015 से लेकर 2023 तक के वर्ल्ड कप में खेले गए 18 मैचों में उन्होंने 55 विकेट चटकाए हैं. वो भारत की तरफ से विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.

ODI वर्ल्ड कप में सबसे अधिक विकेट लेने 5 गेंदबाज

ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया): 39 मैचों में 71 विकेट
मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका): 40 मैचों में 68 विकेट
मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया): 28 मैचों में 65 विकेट
लसिथ मलिंगा (श्रीलंका): 29 मैचों में 56 विकेट
मोहम्मद शमी (भारत): 18 मैचों में 55 विकेट

2023 वर्ल्ड कप में चटकाए थे 24 विकेट

वर्ल्ड कप 2023 में भारत को फाइनल तक पहुंचाने में मोहम्मद शमी का अहम रोल रहा था. भारतीय पिचों पर वो कहर बरपा रहे थे और विपक्षी टीमों के पास उनका जवाब नहीं था. शमी ने 7 मैचों में 10.71 की शानदार औसत से 24 विकेट झटके थे.

2027 वर्ल्ड कप में मिलेगी जगह?

शानदार रिकॉर्ड होने के बावजूद फिलहाल इस बात की चर्चा है कि मोहम्मद शमी 2027 वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं? ये चर्चा इसलिए है क्योंकि चयनकर्ता उन्हें लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं. शमी ने भारत के लिए आखिरी 9 मार्च 2025 को खेला था, जो चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मैच था. इसके बाद से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है. देखना दिलचस्प होगा कि 50-ओवर विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज, जो अभी भी एक्टिव हैं, उन्हें 2027 में जगह मिलती है या नहीं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More