संजू सैमसन को मौका... वैभव सूर्यवंशी बाहर, मोहम्मद कैफ ने सेलेक्शन पर उठाए बड़े सवाल, बोले- 15 साल के बल्लेबाज की क्या गलती?
मोहम्मद कैफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में संजू सैमसन के सेलेक्शन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका क्यों नहीं दिया गया.
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I मैच में टीम इंडिया की जीत के बावजूद प्लेइंग इलेवन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग जोड़ी को लेकर है. शानदार फॉर्म में चल रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठाकर संजू सैमसन को मौका दिया गया, लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सके. अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठाए हैं.
संजू सैमसन को कुछ समय के लिए भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I मुकाबले में वापसी का मौका मिला. हालांकि, इस दौरान उन्होंने कोई कॉम्पिटीटिव क्रिकेट नहीं खेला था. इसके बावजूद उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. सैमसन इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके और 8 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस T20I मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया.
वैभव को बाहर करने पर सवाल
संजू सैमसन की वापसी ने भारतीय टीम के सामने ओपनिंग संयोजन को लेकर दुविधा पैदा कर दी. सैमसन जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे. इसके अलावा, इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज के बीच में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था. दूसरी ओर, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रन बनाकर अपनी दावेदारी मजबूत की थी. ऐसे में उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ भी मौका मिलने की उम्मीद थी, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने सैमसन को तरजीह दी.
मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान
मोहम्मद कैफ ने 'क्रिकबज' के साथ बातचीत में संजू सैमसन के सेलेक्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर किया जाता है, तो वह घरेलू या अन्य मुकाबलों में खेलकर अपनी फॉर्म हासिल करता है. लेकिन सैमसन के मामले में ऐसा नहीं हुआ. कैफ ने कहा, 'संजू ने आज मौका पाने के लिए बीच में ऐसा क्या किया? आमतौर पर जब किसी खिलाड़ी को बाहर किया जाता है, तो वह यहां-वहां खेलता है और अपनी फॉर्म हासिल करता है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. फिर उसे मौका क्यों मिला? यह एक बड़ा सवाल है.' उन्होंने आगे कहा, 'जब वैभव ने जिम्बाब्वे में रन बनाए थे, तो उसी ओपनिंग कॉम्बिनेशन के साथ आगे क्यों नहीं बढ़े? यह भी एक बड़ा सवाल है.'
असमंजस में भारतीय टीम मैनेजमेंट
मोहम्मद कैफ का मानना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट अभी अपनी बेस्ट ओपनिंग जोड़ी को लेकर पूरी तरह असमंजस में नजर आ रहा है. मोहम्मद कैफ के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट कुछ हद तक असमंजस में नजर आ रहा है. कैफ ने कहा, 'मेरे हिसाब से वे थोड़े हिचकिचा रहे हैं. उन्हें यह तय करने में परेशानी हो रही है कि उनकी सबसे अच्छी ओपनिंग जोड़ी कौन सी है. भारतीय टीम अभी भी इस बारे में सोच रही है. वैभव जरूर सोच रहा होगा कि आखिर उससे क्या गलती हुई?'