आखिरी 2 ODI में इस भारतीय ओपनर का बड़ा इम्तिहान: नहीं चला बल्ला तो टूट सकता है वर्ल्ड कप खेलने का सपना
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अगले दोनों ODI में ऋतुराज गायकवाड़ ओपनिंग बल्लेबाजी कर सकते हैं. 2022 में डेब्यू करने के बाद से उन्हें सिर्फ 12 वनडे में खेलने का मौका मिला है. 29 वर्षीय खिलाड़ी का वर्ल्ड कप खेलने का सपना अभी भी अधूरा है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा वनडे इंटरनेशनल मैच शुक्रवार (13 नवंबर) को खेला जाएगा. 5 मैचों की शृंखला में 2-0 से आगे चल रही टीम इंडिया सीरीज पर फतह करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. भारत बनाम न्यूजीलैंड चौथा ODI तौरंगा के बे ओवल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. आखिरी दो मुकाबले इस भारतीय खिलाड़ी के लिए काफी अहम होने वाले हैं. अगले साल वनडे वर्ल्ड कप होना है. कई खिलाड़ी टीम में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुके हैं, जबकि कई प्लेयर्स अभी भी टिकट पाने के लिए इम्तिहान दे रहे हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे और पांचवें ODI के लिए टीम इंडिया में कुछ बदलाव हुए हैं. रेगुलर कप्तान शुभमन गिल सहित आगामी टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेने वाले 3 खिलाड़ी अगले दोनों मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे. शुभमन की गैरमौजूदगी में CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है.
ऋतुराज गायकवाड़ के पास सुनहरा मौका
शुरुआती तीनों मैचों में ऋतुराज गायकवाड़ को खेलने का मौका नहीं मिला. हालांकि, शुभमन की गैरमौजूदगी में वो रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं. ऋतुराज को इन मौकों को दोनों हाथों से लपकना होगा. 29 वर्षीय स्टार बल्लेबाज का वर्ल्ड कप खेलने का सपना अभी भी अधूरा है. जाहिर तौर पर वो और चार साल इंतजार नहीं करना चाहेंगे. फिलहाल वो टीम का हिस्सा तो हैं, लेकिन प्लेइंग इलेवन में मौके नहीं मिल रहे. लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले दो ODI में उनका खेलना लगभग तय है.
ऋतुराज गायकवाड़ ने भारत के लिए आखिरी ODI मैच 3 अक्टूबर को खेला था. वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में हुए उस मुकाबले में उन्होंने 57 रनों की अच्छी पारी खेली थी. हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीनों मैचों में बाहर रखा गया. ODI प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह स्थापित करने के लिए गायकवाड़ को लंबी पारी खेलनी होगी.
अगर आगामी दो मैचों में वो एक शतक और एक फिफ्टी जड़ देते हैं तो उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा. भले ही उन्हें ओपनिंग पोजीशन नहीं मिलेगी, क्योंकि शुभमन गिल वापसी करेंगे, लेकिन मिडिल ऑर्डर में वो जगह बना सकते हैं. गायकवाड़ की नजर वर्ल्ड कप टिकट पाने पर रहेगी. अगर उनका बल्ला नहीं चला तो एक बार फिर विश्व कप खेलने का सपना टूट सकता है.
आखिरी 5 ODI में ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे ODI में 57 रन बनाए
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में नाबाद 31 रन बनाए
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ODI में नाबाद 13 रन बनाए
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2025 में हुए ODI में 105 रन बनाए
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2025 में हुए ODI में 8 रन बनाए
2022 में डेब्यू... अभी तक सिर्फ 12 मैच
ऋतुराज गायकवाड़ ने 2022 में भारत के लिए ODI डेब्यू किया था. 4 सालों में वो सिर्फ 12 मुकाबले खेल पाए हैं. 2022 से लेकर 2024 तक उन्हें 6 एकदिवसीय मैच खेलने का मौका मिला. 2025 में वो 4 मुकाबले खेले और इस साल अभी तक 3 मैचों में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे हैं. गायकवाड़ ने 12 ODI में 36.55 की औसत से 329 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं.