)
श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा ने आयरलैंड के डबलिन में रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन के कर्मचारियों पर अपने परिवार के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने और धमकी देने का आरोप लगाया है. कुमार संगकारा के मुताबिक डबलिन में रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन के कर्मचारियों ने उनके परिवार को धमकाया और उनके साथ भेदभाव किया. कुमार संगकारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी एक पोस्ट में रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
कुमार संगकारा ने इस घटना को 'अस्वीकार्य' बताया है. कुमार संगकारा के मुताबिक आयरलैंड की राजधानी डबलिन में यह उनका पहला बेहद खराब अनुभव रहा. रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन आयरलैंड की एक 'अल्ट्रा-लो-कॉस्ट' (बहुत कम किराए वाली) एयरलाइन है, जिसका हेडक्वार्टर आयरलैंड के काउंटी डबलिन के स्वॉर्ड्स में है.
कुमार संगकारा ने बुधवार को पोस्ट किया, 'क्या किसी और को भी डबलिन में रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन के गेट स्टाफ की ओर से भेदभावपूर्ण बर्ताव का सामना करना पड़ा है? मेरे और मेरे परिवार के साथ अभी ऐसा ही हुआ, जो काफी चौंकाने वाला था.'
बता दें कि आयरलैंड में एशियाई लोगों के खिलाफ नस्लवाद और जेनोफोबिया अभी भी मौजूद है. यह रोजमर्रा के भेदभाव और ऑनलाइन दुर्व्यवहार से लेकर शारीरिक हमलों तक, कई रूपों में सामने आता है. कुमार संगकारा की पोस्ट के बाद, श्रीलंका के ही एक अन्य व्यक्ति संजीवा वीरावारना ने भी विदेशों में अपने साथ हुए भेदभाव के अनुभवों को साझा किया.
Has anyone experienced discriminatory gate personnel @Ryanair in Dublin ? I with my family just did and it was shocking. The tone of address and the mishandling of procedure and threatening behavior. Unacceptable for any passenger. First bad experience in Dublin
— Kumar Sangakkara (@KumarSanga2) October 28, 2026
संजीवा वीरावारना ने जवाब दिया, 'कुमार, मैंने पश्चिमी देशों के हर हिस्से में भेदभाव का सामना किया है. मैं वहां 16 साल रहा, 25 साल तक आना-जाना लगा रहा, और अब मैं इन सब से तंग आ चुका हूं.' संजीवा वीरावारना ने कहा, 'जब आप खुद ऐसी चीजों का सामना करते हैं, तो यह बहुत ही परेशान करने वाला होता है.' संजीवा वीरावारना को जवाब देते हुए कुमार संगकारा ने माना कि इस तरह के अनुभवों से कितनी परेशानी हो सकती है. कुमार संगकारा ने कहा, 'जब आप खुद ऐसी स्थिति से गुजरते हैं, तो यह काफी परेशान करने वाला होता है.'
इस बातचीत ने श्रीलंका के पूर्व कप्तान के आरोपों और एयरलाइन कर्मचारियों द्वारा यात्रियों के साथ किए जाने वाले बर्ताव को लेकर चल रही चर्चा को और हवा दे दी है. कुमार संगकारा के आरोपों पर रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन की ओर से कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है. रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन पिछले कुछ समय से चर्चा में है. पिछले महीने, रायनएयर (Ryanair) एयरलाइन के सीईओ माइकल ओ'लेरी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी एयरलाइनों को 'हाई-फेयर रेपिस्ट' कहने के लिए माफी मांगी थी.
कुमार संगकारा ने 2015 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. कुमार संगकारा के टेस्ट करियर की शुरुआत 20 जुलाई 2000 को गॉल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुई थी और 134 मैचों के बाद कोलंबो में इसका समापन हुआ. उन्होंने 12,400 रन बनाए, जिसमें 38 शतक और 52 अर्धशतक शामिल थे. वे ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी डॉन ब्रैडमैन के 12 दोहरे शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी करने से बस एक कदम दूर रह गए.
वनडे (ODI) क्रिकेट में, 2000 में डेब्यू करने के बाद कुमार संगकारा ने 404 मैच खेले और लगभग 42 की औसत से 14,234 रन बनाए. उनका हाईएस्ट स्कोर 169 रन था, और उनके नाम 25 शतक तथा 93 अर्धशतक दर्ज हैं. कुमार संगकारा ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हुए 2015 वर्ल्ड कप के बाद अपने वनडे इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया था.