स्विंग और सीम के आगे ढेर... न्यूजीलैंड दौरे पर खुल गई राहुल और जायसवाल की पोल, टीम इंडिया के लिए बुरी खबर
केएल राहुल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट की दूसरी पारी में हिट विकेट होकर आउट हो गए. केएल राहुल इससे पहले पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए थे. यशस्वी जायसवाल भी फ्लॉप रहे हैं.
टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज और टेस्ट टीम के उपकप्तान केएल राहुल के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए की ओर से खेला जा रहा पहला अनऑफिशियल टेस्ट अब तक अच्छा नहीं रहा है. पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने वाले केएल राहुल दूसरी पारी में भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. रविवार को लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल मैदान पर जारी इस मैच में केएल राहुल हिट विकेट आउट होकर पवेलियन लौट गए. उनके इस तरह आउट होने से इंडिया ए को शुरुआती झटका लगा है.
रविवार को दूसरी पारी के पांचवें ओवर में तेज गेंदबाज फ्रेजर शीट की गेंद पर केएल राहुल हिट विकेट आउट हो गए. उन्होंने 15 गेंदों का सामना किया, लेकिन सिर्फ 4 रन बना सके. इससे पहले शनिवार (24 अक्टूबर) को पहली पारी में भी केएल राहुल का बल्ला खामोश रहा था. ध्रुव जुरेल की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम के लिए खेलते हुए वह 8 गेंदों पर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए थे.
ये भी पढ़ें- कोई नहीं है टक्कर में... भारत ने रचा इतिहास, 200 T20I मैच जीतने वाला बना दुनिया का पहला देश
स्विंग और सीम के आगे खुल गई पोल
इंडिया ए को दूसरी पारी में केएल राहुल से पहले ही एक और बड़ा झटका लग चुका था. चौथे ओवर की पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल आउट हो गए. साइमन कीन की गेंद पर मिचेल हे ने उनका कैच पकड़ा. पहली पारी में बतौर ओपनर 45 गेंदों पर 17 रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सके. वह 9 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
राहुल और जायसवाल का फ्लॉप शो
इस पहले अनौपचारिक टेस्ट की पहली पारी में, मेजबान न्यूजीलैंड ए ने 89.3 ओवर बल्लेबाजी की और 317 रन बनाकर 204 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की. न्यूजीलैंड ए के ओपनर रीस मारियु ने 137 गेंदों पर 76 रन बनाए, जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 79 गेंदों पर 51 रनों का योगदान दिया. नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए क्रिस्टियन क्लार्क ने 67 गेंदों पर 42 रन बनाए.
क्रिस्टियन क्लार्क ने फ्रेजर शीट (7 रन) के साथ नौवें विकेट के लिए 34 रन, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के साथ आठवें विकेट के लिए 33 रन और जैक गिब्सन के साथ दसवें विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की. इंडिया ए की ओर से अंशुल कंबोज और आकिब नबी डार ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि आकाश दीप ने न्यूजीलैंड ए के दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इस बीच, मुकेश चौधरी और वॉशिंगटन सुंदर ने विपक्षी टीम के एक-एक बल्लेबाज को आउट किया.