पहले भारत ने गोल्ड मेडल मैच में पीटा, फिर अपनों ने ही धो डाला, सैम अयूब को कामरान अकमल ने लगाई फटकार
कामरान अकमल ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ सैम अयूब के जश्न पर सवाल उठाए और कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों को सोशल मीडिया के लिए ऐसी हरकतों से बचना चाहिए.
एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल मैच में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच तनाव साफ नजर आया. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद सैम अयूब का जश्न अब चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने भी इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए अपनी ही टीम के खिलाड़ियों को खरी-खरी सुनाई. पाकिस्तान के ऑलराउंडर सैम अयूब ने एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल मैच में भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी को 15 रन के स्कोर पर आउट किया. विकेट लेने के बाद सैम अयूब ने छोटे बच्चे को झूला झुलाने जैसा इशारा किया. इस जश्न को भारतीय युवा बल्लेबाज के खिलाफ तंज के तौर पर देखा गया. वैभव सूर्यवंशी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुपचाप पवेलियन लौट गए.
गेम प्लान के यूट्यूब शो में जब कामरान अकमल से सैम अयूब के जश्न को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों की ऐसी हरकतें लंबे समय से चली आ रही हैं. कामरान अकमल के मुताबिक पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन खिलाड़ी सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए ऐसी चीजें कर रहे हैं. कामरान अकमल ने पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट को भी इस मामले पर ध्यान देने की सलाह दी. भारत ने पाकिस्तान को इस मैच में 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना खिताब बरकरार रखा.
सैम अयूब को कामरान अकमल ने लगाई फटकार
'गेम प्लान' यूट्यूब शो के प्रेजेंटर ने सैम अयूब के इस इशारे पर सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या आपने वह हरकत देखी? यह कितना दुर्भाग्यपूर्ण है? आप इतना अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और इतने लंबे समय बाद भारत को टक्कर दे रहे हैं. ऐसी चीजें अच्छी नहीं लगतीं.' इस पर अकमल ने कहा, 'ऐसी चीजें लंबे समय से हो रही हैं. हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है, लेकिन हम सोशल मीडिया के लिए चीजें कर रहे हैं. मैनेजमेंट को इस बारे में सोचना चाहिए. यह इंटरनेशनल क्रिकेट है. चाहे वह 13, 14 या 15 साल का हो, वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहा है. सैम अयूब कोई बच्चा नहीं है. उसे अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए.'
भारत ने पाकिस्तान को गोल्ड मेडल मैच में पीटा
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर तनाव साफ दिख रहा था, लेकिन पुराने प्रतिद्वंद्वियों के बीच एशियन गेम्स का बहुप्रतीक्षित क्रिकेट फाइनल शनिवार, 3 अक्टूबर को नागोया में बिना किसी बड़े ड्रामे के संपन्न हुआ. लेकिन क्रिकेटरों ने एक बार फिर पारंपरिक रूप से हाथ मिलाने से परहेज किया. मैच का अंत भारत की पाकिस्तान पर 19 रन की जीत के साथ हुआ, जिससे भारत ने गोल्ड मेडल बरकरार रखा. इस हाई-प्रोफाइल फाइनल के मैदान के अंदर और बाहर के घटनाक्रम को लेकर काफी उत्सुकता थी, लेकिन पारंपरिक रूप से हाथ न मिलाने के अलावा, मुकाबला विवादों से मुक्त रहा और किसी भी टीम ने दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों का असर मैदान पर नहीं पड़ने दिया.