SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जो रूट ने बना दिया प्रचंड रिकॉर्ड: सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के क्लब में मारी एंट्री, ODI में 50 अर्धशतक लगाकर रचा इतिहास

जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में इतिहास रच दिया है. वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 अर्धशतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 16, 2026, 07:03 IST | Updated: Nov 16, 2026, 07:20 IST
Image Credit: Joe Root Records
Join

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट का बल्ला एक बार फिर गरजा है और इस बार उन्होंने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे ODI मुकाबले में जो रूट ने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जो इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज अपने पूरे करियर में हासिल नहीं कर सका. जो रूट ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 अर्धशतक पूरे कर लिए हैं. इस रिकॉर्ड के साथ जो रूट ने सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की मौजूदगी वाली खास लिस्ट में अपनी जगह और मजबूत कर ली है.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे इंटरनेशनल मुकाबले में जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी की. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे जो रूट ने 68 गेंदों में 62 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 22वें ओवर में 50 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. यह उनके वनडे इंटरनेशनल करियर का 50वां अर्धशतक था. इसी के साथ वह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 अर्धशतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए. उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 355 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

जो रूट ने बना दिया प्रचंड रिकॉर्ड

जो रूट वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा 8089 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. अब उनके नाम 201 वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में 50 अर्धशतक और 20 शतक दर्ज हो चुके हैं. यानी वह इस फॉर्मेट में कुल 70 बार 50 या उससे ज्यादा रन बना चुके हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर में 225 मुकाबले खेलकर 42 अर्धशतक लगाए थे. वहीं, इयान बेल 35 अर्धशतकों के साथ तीसरे और जोस बटलर 30 अर्धशतकों के साथ चौथे स्थान पर हैं.

सचिन और विराट के क्लब में मारी एंट्री

जो रूट की इस नई उपलब्धि ने उन्हें वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के दिग्गजों की एक खास लिस्ट में शामिल कर दिया है. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 से 2012 के बीच 463 मैचों में 96 अर्धशतक और 49 शतक बनाए थे. इस लिस्ट में श्रीलंका के कुमार संगकारा 93 अर्धशतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस 86 अर्धशतकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं. भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ और पाकिस्तान के इंजमाम-उल-हक के नाम 83-83 अर्धशतक हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग ने 82 अर्धशतकों के साथ अपना करियर पूरा किया. मौजूदा दौर के महान खिलाड़ियों की बात करें तो विराट कोहली इस लिस्ट में आगे हैं, जिन्होंने 322 वनडे मैचों में 80 अर्धशतक और 55 शतक लगाए हैं.

वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज

1. सचिन तेंदुलकर (भारत) - 96 

2. कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 93 

3. जैक कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) - 86 

4. राहुल द्रविड़ (भारत) - 83 

5. इंजमाम-उल-हक (पाकिस्तान) - 83

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES