)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में एक बार फिर जय शाह का दबदबा देखने को मिला है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार चेयरमैन नियुक्त कर दिया है. खास बात यह है कि उनके नाम पर किसी तरह का विरोध नहीं हुआ और उन्हें निर्विरोध दोबारा इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई. बाली में आयोजित ICC बोर्ड की बैठकों के दौरान निदेशकों की ओर से जय शाह के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर बोर्ड ने सर्वसम्मति से सहमति जताई. इस फैसले से साफ है कि ICC बोर्ड को उनके नेतृत्व पर भरोसा है.
अब उनके सामने वर्ल्ड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और खेल के वैश्विक विस्तार को गति देने की चुनौती होगी. ICC बोर्ड का मानना है कि क्रिकेट इस समय बदलाव के अहम दौर से गुजर रहा है. ऐसे समय में नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखना जरूरी है. क्रिकेट का दुनियाभर में विस्तार, नए दर्शकों को जोड़ना और खेल के व्यावसायिक विकास को आगे बढ़ाना ICC के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है. इसके अलावा क्रिकेट लंबे समय बाद ओलंपिक खेलों में वापसी की तैयारी कर रहा है. लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस खेल के लिए एक बड़ा अवसर होगी.
ICC आने वाले वर्षों के लिए प्रतियोगिताओं का विस्तारित कार्यक्रम भी तैयार कर चुका है, जिससे ज्यादा देशों को खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. जय शाह के दूसरे कार्यकाल में ICC का फोकस सिर्फ बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं रहेगा. ICC ने क्रिकेट की बुनियादी व्यवस्था मजबूत करने और खेल को लंबे समय तक टिकाऊ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है. इसके तहत महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना, एसोसिएट देशों को ज्यादा मौके देना, इंटरनेशनल क्रिकेट की विश्वसनीयता बनाए रखना और खेल के लिए नए व्यावसायिक अवसर तैयार करना शामिल है.
दूसरी बार ICC चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने खुशी जाहिर की. उन्होंने ICC बोर्ड के सभी निदेशकों का भरोसा जताने और समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया. जय शाह ने कहा, 'मैं ICC बोर्ड द्वारा मुझ पर जताए गए भरोसे से बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं. सभी निदेशकों का उनके निरंतर समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद करता हूं. ICC चेयरमैन के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है.' उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट के इतिहास में यह सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में से एक है.
लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी से इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को क्रिकेट से जोड़ने का शानदार अवसर मिलेगा. जय शाह के मुताबिक, उनकी जिम्मेदारी सिर्फ सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है. क्रिकेट के लिए मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना भी जरूरी है. इसमें खिलाड़ी, प्रशंसक, व्यावसायिक साझेदार और खेल से जुड़े दूसरे लोगों की अहम भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ जोड़ने की क्षमता है. ICC बोर्ड और सदस्य देशों के सहयोग से उनका लक्ष्य योजनाओं को जमीन पर उतारना और आने वाली पीढ़ियों के लिए क्रिकेट की मजबूत विरासत तैयार करना होगा.