)
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आखिरकार विकेट लेने में कामयाब रहे. न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह ने घातक तेज गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम (8 रन) को क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड के नंबर 3 बल्लेबाज हेनरी निकोल्स (22 रन) को टिकने का मौका ही नहीं दिया. हेनरी निकोल्स को जसप्रीत बुमराह ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन लौटा दिया.
जसप्रीत बुमराह ने इसी के साथ ही इतिहास रच दिया है. जसप्रीत बुमराह ने विदेशी मैदानों पर खेले गए 142 इंटरनेशनल मैचों की 173 पारियों में अभी तक 341 विकेट हासिल कर लिए हैं. विदेश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने के मामले में जसप्रीत बुमराह ने भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जवागल श्रीनाथ ने अपने करियर के दौरान विदेश में 184 इंटरनेशनल मैचों की 211 पारियों में 340 विकेट हासिल किए थे.
विदेशी मैदानों पर भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने का रिकॉर्ड दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले के नाम है. 1990 से 2018 के बीच अनिल कुंबले ने भारत के लिए विदेशी धरती पर 248 मैचों की 295 पारियों में 477 विकेट हासिल किए थे. इस लिस्ट में उनके बाद जहीर खान (398) और कपिल देव (368) आते हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह अब चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं.
विदेशी मैदानों पर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है. मुथैया मुरलीधरन ने विदेशी धरती पर 312 मैच खेले और 343 पारियों में 700 विकेट हासिल किए थे. इस लिस्ट में पाकिस्तान के वसीम अकरम 690 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. वसीम अकरम के बाद वकार यूनिस (560 विकेट), शेन वॉर्न (548 विकेट), ग्लेन मैक्ग्रा (500 विकेट) और चमिंडा वास (500 विकेट) का नंबर आता है.
जसप्रीत बुमराह इसके अलावा भागवत चंद्रशेखर के 242 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए नौवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं. जसप्रीत बुमराह के नाम अभी 241 टेस्ट विकेट हैं और उन्हें भागवत चंद्रशेखर से आगे निकलने के लिए दूसरी पारी में 2 और विकेट लेने की जरूरत है. भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में अनिल कुंबले 619 विकेटों के साथ टॉप पर हैं, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने अपने टेस्ट करियर का अंत 537 विकेटों के साथ किया था.