उम्र 44 मगर खेलने का जुनून बाकी: T20 की युग में युवाओं के लिए मिसाल बने जेम्स एंडरसन, थामा इस टीम का हाथ
इंग्लैंड के पूर्व महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने 44 साल की उम्र में नई काउंटी टीम के साथ रिश्ता जोड़ा है. टी20 के जमाने में एंडरसन उन युवा खिलाड़ियों के लिए मिसाल हैं, जो छोटी उम्र से ही पैसा कमाने के चक्कर में सिर्फ टी20 क्रिकेट की तरफ भागते हैं.
इंग्लैंड के पूर्व महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन में 44 साल की उम्र में भी क्रिकेट खेलने का जुनून बरकरार है. भले ही काउंटी क्लब लंकाशायर से उनका 25 सालों का रिश्ता खत्म हो गया, लेकिन अब दिग्गज खिलाड़ी ने अगले सीजन के लिए सरे के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है. टी20 के जमाने में एंडरसन उन युवा खिलाड़ियों के लिए मिसाल हैं, जो छोटी उम्र से ही पैसा कमाने के चक्कर में सिर्फ टी20 क्रिकेट की तरफ भागते हैं.
44 साल में उठाया गया जेम्स एंडरसन का ये कदम पैसा कमाने के लिए नहीं है. बल्कि, ये उनकी भूख है जो उन्हें क्रिकेट से दूर नहीं जाने दे रहा है. लंकाशायर ने तो उन्हें 'बूढ़ा' समझ दरकिनार करने का फैसला कर लिया, लेकिन एंडरसन इस फैसले से खुश नहीं थे. उन्होंने हार नहीं मानी और अब नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं.
44 साल के एंडरसन ने थामा सरे का हाथ
जेम्स एंडरसन 2027 में सरे के साथ अपना काउंटी चैंपियनशिप करियर जारी रखेंगे. लंकाशायर के साथ 25 साल के जुड़ाव के बाद, जब उन्होंने एंडरसन को नया अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) देने से इनकार कर दिया, तो वे ओवल स्थित इस काउंटी टीम से जुड़ गए. 44 वर्षीय खिलाड़ी का 2026 का सीजन शानदार रहा. उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में 18 से कुछ कम के औसत से 50 विकेट लिए और लंकाशायर का 'प्लेयर ऑफ द ईयर' पुरस्कार जीता. हालांकि, लंकाशायर ने उनका अनुबंध आगे न बढ़ाने का फैसला किया, जिससे क्लब के साथ उनका 25 सालों का लंबा रिश्ता समाप्त हो गया.
एंडरसन ने अपनी विदाई के तरीके पर निराशा जताई और कहा, "अगर यह मेरे हाथ में होता, तो इसका अंत इस तरह नहीं होता." इंग्लैंड के उनके पूर्व साथी तेज गेंदबाज़ स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी इस स्थिति को संभालने के लंकाशायर के तरीके की आलोचना की और इसे "अपमानजनक" बताया. यह दिग्गज तेज गेंदबाज अब इंग्लैंड के अपने पूर्व साथी एलेक स्टीवर्ट के साथ फिर से जुड़ेंगे, जो इस समय सरे (Surrey) में पुरुषों की क्रिकेट के निदेशक हैं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ले चुके हैं 911 विकेट
जेम्स एंडरसन ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. उन्होंने सभी प्रारूपों में कुल 911 विकेट लिए, जिनमें से 704 विकेट टेस्ट मैचों में आए, जो खेल के इतिहास में किसी भी तेज गेंदबाज द्वारा लिए गए सबसे अधिक विकेट हैं. वहीं, एंडरसन के करियर में 'द ओवल' का भी एक खास स्थान है. 2018 में इसी मैदान पर उन्होंने मोहम्मद शमी को आउट करके अपना 564वां विकेट लिया था, और इसके साथ ही वे किसी तेज गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में ग्लेन मैक्ग्रा के रिकॉर्ड से आगे निकल गए थे.
यह भी पढ़ें: 10 लाख से शुरू हुआ था हार्दिक पांड्या का सफर... 12 सालों में IPL से कर चुके हैं इतने करोड़ की कमाई