IPL रिटेंशन से पहले का खेल: पंजाब किंग्स के दो मैच विनर्स पर थी CSK की नजर, डबल डील का प्लान हुआ फेल?
चेन्नई सुपरकिंग्स और पंजाब किंग्स के बीच दो खिलाड़ियों को लेकर ट्रे़ड डील नहीं हो पाई. ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस को लेकर तीन टीमें लगातार बात कर रही हैं और अभी तक उन्हें लेकर कोई फैसला नहीं हो पाया है.
आईपीएल 2027 के रिटेंशन से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स को बड़ा झटका लगा है. वह पंजाब किंग्स के दो खिलाड़ियों को ट्रेड डील के जरिए अपनी टीम में शामिल करना चाहती थी, लेकिन मंगलवार (17 नवंबर) को रिटेंशन डे से एक दिन पहले यह नहीं हो पाई. ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी और जहीर खान की कोचिंग वाली टीम ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और पंजाब के बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार को लेकर बात कर रही थी. पंजाब इसके लिए तैयार नहीं हुई और डील नहीं हो पाई.
चेन्नई सुपरकिंग्स ने इस बार सनराइजर्स हैदराबाद से लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स को ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया. उसने खलील अहमद और ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस को जाने दिया था. क्रिकइंफो के मुताबिक, चेन्नई लंबे समय से स्टोइनिस और हरप्रीत को चाह रही थी. स्टोइनिस के आने से टीम को मध्यक्रम में फायदा होता और वह गेंदबाजी से भी योगदान दे सकते हैं. वहीं, हरप्रीत अपनी स्पिन से बड़े-बड़े खिलाड़ियों को परेशान कर सकते हैं.
स्टोइनिस की जबरदस्त मांग
क्रिकइंफो की रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि स्टोइनिस में चेन्नई सुपरकिंग्स के अलावा तीन और फ्रेंचाइजियों ने दिलचस्पी दिखाई है. लखनऊ सुपर जाएंट्स, राजस्थान और एक तीसरी टीम भी है, जो तैयार है. तीसरी टीम का नाम अभी सामने नहीं आया है. यहां तक कि यह दावा किया गया है कि तीसरी टीम तो स्टोइनिस के लिए पंजाब किंग्स को 11 करोड़ रुपये से ज्यादा देने को तैयार है.
कब तक ट्रे़ड हो सकते हैं खिलाड़ी?
फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को ट्रेड करने का मौका मिनी ऑक्शन से एक हफ्ते तक रहेगा. इस बार 9 दिसंबर तक ट्रेड किया जा सकता है. ऑक्शन के बाद अगले दिन से फिर विंडो खुल जाएगी और सीजन शुरू होने से एक महीने पहले तक खिलाड़ियों की अदला-बदली हो सकती है.
चेन्नई को एक स्पिनर की जरूरत?
ऐसा माना जा रहा है कि चेन्नई सुपरकिंग्स ने स्टोइनिस को लेकर बातचीत काफी पहले ही शुरू कर दी थी. यह चर्चा लिविंगस्टोन को टीम में लाने से पहले शुरू हो गई थी, लेकिन अब तक डील पूरी नहीं हो पाई. लिविंगस्टोन भी स्टोइनिस की तरह मध्य क्रम में बल्लेबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में फिनिशिंग का काम कर सकते हैं. हालांकि, वह स्टोइनिस की तरह तेज गेंदबाजी नहीं करते हैं. वह दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर हैं. हरप्रीत बरार को लेकर चेन्नई की टीम काफी पहले से प्लानिंग कर रही है. उन्हें रवींद्र जडेजा के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है. वह भारत के बेहतरीन बाएं हाथ के स्पिनर माने जाते हैं. वह चेपॉक में रवींद्र जडेजा की तरह असर डाल सकते हैं. अगर हरप्रीत टीम को नहीं मिलते हैं तो वह मिनी ऑक्शन में किसी दूसरे स्पिनर को टारगेट कर सकती है.