हरमनप्रीत के बाद कौन संभालेगा भारतीय महिला टीम की कमान? मंधाना हकदार तो 22 साल की ये खिलाड़ी भी दावेदार
हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट में कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया है. स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली कप्तान बनने की हकदार हैं, लेकिन 22 साल की इस युवा खिलाड़ी को भी जिम्मेदारी सौंपने पर सोच-विचार किया जा सकता है.
भारतीय महिला क्रिकेट में एक युग का अंत हो गया है. स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट में कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने मंगलवार (6 अक्टूबर) को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी और लिखा कि ये फैसला आसान नहीं था, लेकिन टीम की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट ने कई बड़े टूर्नामेंट जीते, लेकिन सबसे यादगार लम्हा पिछले साल आया, जब टीम इंडिया पहली बार महिला विश्व कप चैंपियन बनी.
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी का सफर समाप्त हो चुका है. अब भारतीय महिला क्रिकेट टीम को नए कप्तान की तलाश है. वैसे तो स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना इस रोल के लिए असली हकदार मानी जा रही हैं, क्योंकि पिछले कई सालों से वो उपकप्तानी का जिम्मा संभाल रही हैं, लेकिन टीम में एक 22 साल की युवा खिलाड़ी भी मौजूद हैं, जिनके नाम पर भी सोच-विचार किया जा सकता है.
बतौर कप्तान कैसा रहा हरमनप्रीत कौर का सफर?
जब भी हरमनप्रीत कौर की कप्तानी की चर्चा होगी तो सबसे पहले बात 2025 महिला वर्ल्ड कप की होगी. उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा और फिर फाइनल में साउथ अफ्रीका को मात देकर पहली बार वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया. हरमन की कप्तानी में भारत ने हाल ही में एशिया कप जीता, साथ ही एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल भी बरकरार रखा.
हरमनप्रीत कौर ने 5 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की, जिसमें से 4 में जीत मिली, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा. बतौर कप्तान उन्होंने ODI में 51 मुकाबले खेले. 30 में जीत मिली, जबकि 19 में हार का सामना करना पड़ा. एक मुकाबला टाई रहा और एक का नतीजा नहीं निकला. बात करें टी20 इंटरनेशनल की तो इस फॉर्मेट में हरमनप्रीत ने 155 मैचों में कप्तानी की. 93 मैचों में भारत ने जीत हासिल की, जबकि 57 में हार झेलनी पड़ी और 5 मैचों का नतीजा नहीं निकला.
स्मृति मंधाना बनेंगी अगली कप्तान?
हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन वो तीनों फॉर्मेट में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगी. स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंपी जा सकती है. हरमनप्रीत की कप्तानी के पूरे सफर के दौरान मंधाना उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल रही थीं और हरमन की अनुपस्थिति में उन्होंने कप्तानी भी की. ऐसे में वो भारतीय महिला टीम की अगली कप्तान बनने की हकदार हैं, लेकिन एक और नाम भी है, जिसपर चर्चा हो सकती है.
शेफाली वर्मा भी हैं दावेदार
कप्तानी की रेस में स्मृति मंधाना आगे हैं, लेकिन 22 साल की युवा स्टार शेफाली वर्मा भी एक दावेदार हैं. चयनकर्ता अगर लंबे टर्म के लिए कप्तान बनाने का प्लान करते हैं तो शेफाली की किस्मत चमक सकती है. उनके पास उच्च स्तर पर कप्तानी करने का अनुभव भी है. शेफाली वर्मा के नेतृत्व में भारतीय महिला अंडर-19 टीम 2023 में विश्व विजेता बनी थी.
स्मृति मंधाना अभी 29 साल की हैं और कम से कम 5-6 सालों तक आराम से खेल सकती हैं. ऐसे में चयनकर्ता उन्हें कप्तानी का जिम्मा दे सकते हैं. वहीं, शेफाली वर्मा को उपकप्तान बनाया जा सकता है. जैसे हरमनप्रीत के अंदर स्मृति की लीडरशिप क्वालिटी निखरी, वैसे ही शेफाली भी लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा बन सकती हैं. अगर चयनकर्ता बिल्कुल 'आउट ऑफ द बॉक्स' सोचें तो उन्हें कप्तान भी बनाया जा सकता है, लेकिन इसकी संभावना कम है.