8 बल्लेबाजों के चक्कर में बर्बाद हुई गेंदबाजी? सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया को सुनाई खरी-खोटी, भविष्य के लिए दी बड़ी नसीहत
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है. सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया की गेंदबाजी पर सवाल उठाए हैं.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवां और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहा. इस मैच के रद्द होने की वजह से दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज 2-2 से ड्रॉ हो गई. कैरेबियाई टीम के खिलाफ इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत के बल्लेबाजों का तो शानदार प्रदर्शन रहा है, लेकिन गेंदबाजों ने निराश किया है. टीम इंडिया की लचर गेंदबाजी का फायदा वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने उठाया और यह टी20 इंटरनेशनल सीरीज ड्रॉ कराने में कामयाबी हासिल की.
वेस्टइंडीज के कप्तान और ओपनर शाई होप ने इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा 261 रन बनाए हैं. भारत के खिलाफ शाई होप ने 5 मैचों की 4 पारियों में 130.50 की बेहतरीन औसत के साथ 261 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 190.51 का रहा है. शाई होप ने इस दौरान 17 चौके और 20 छक्के उड़ाए हैं. शाई होप को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड मिला. इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज में पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारत की खराब गेंदबाजी की जमकर आलोचना की है.
8 बल्लेबाजों के चक्कर में बर्बाद हुई गेंदबाजी?
सुनील गावस्कर ने कहा के मुताबिक भारत को अपनी टीम में चार स्पेशलिस्ट गेंदबाजों को शामिल करना चाहिए था, जिनका साथ देने के लिए दो ऑलराउंडर हों. सुनील गावस्कर ने कहा कि अक्षर पटेल और नमन धीर उन चार स्पेशलिस्ट गेंदबाजों के साथ मिलकर टीम की गेंदबाजी को और मजबूत बना सकते थे. सुनील गावस्कर ने यह भी कहा कि हार्दिक पांड्या का बिल्कुल वैसा ही विकल्प खोजने के चक्कर में भारत को बहुत ज्यादा नहीं भटकना चाहिए.
सुनील गावस्कर का बड़ा बयान
सुनील गावस्कर ने जियो हॉटस्टार से बातचीत के दौरान कहा, 'भारत को कम से कम 4 रेगुलर गेंदबाजों के साथ खेलना चाहिए और साथ ही 5वें और 6वें नंबर पर ऐसे बॉलिंग ऑलराउंडर होने चाहिए जो बल्लेबाजी भी कर सकें जैसे कि अक्षर पटेल और नमन धीर. मुझे लगता है कि कभी-कभी हम हार्दिक पांड्या का रिप्लेसमेंट खोजने के चक्कर में कुछ ज्यादा ही सोच लेते हैं. हार्दिक की जगह कोई नहीं ले सकता. अगर आपको उनके लेवल का कोई ऑलराउंडर नहीं मिल रहा है, तो ऐसे खिलाड़ी को चुनें जो कोई अलग रोल निभा सके. नमन धीर यही काम कर रहे हैं. मुझे लगता है कि भारत को यही करने की जरूरत है.'
8 बल्लेबाजों के चक्कर में बर्बाद हुई गेंदबाजी
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, 'अक्षर पटेल आपके 5वें रेगुलर गेंदबाज हैं. जब आप 8वें नंबर तक बल्लेबाजी रखते हैं, तो आपकी गेंदबाजी कमजोर हो जाती है, और यहीं पर आप मात खा जाते हैं.' हालांकि सुनील गावस्कर की बात में दम है, लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत ने हमेशा टी20 स्पेशलिस्ट खिलाड़ियों पर भरोसा किया है, जिससे उन्हें दुनिया की अन्य टीमों के मुकाबले एक बढ़त मिली है.