App

Asian Games 2026: भारत की तीरंदाजी तिकड़ी का धमाका, चीन को हराकर जीता गोल्ड; ज्योति-पृथिका-चिकिता चमकीं

एशियन गेम्स 2026 में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप ने महिला कंपाउंड टीम इवेंट में चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल जीता है. भारत का यह एशियन गेम्स 2026 का सातवां गोल्ड है.

Asian Games 2026: भारत की तीरंदाजी तिकड़ी का धमाका, चीन को हराकर जीता गोल्ड; ज्योति-पृथिका-चिकिता चमकीं
Image Credit: Asian Games 2026

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाजों ने एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. चिकिता तनीपर्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की तिकड़ी ने महिला कंपाउंड टीम इवेंट के फाइनल में चीन को 238-234 से हराकर शानदार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और चीन को वापसी का मौका नहीं दिया. इस जीत के साथ भारत के एशियन गेम्स 2026 में 7 गोल्ड समेत कुल 53 मेडल हो गए हैं. इनमें 21 सिल्वर और 25 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. खास बात यह भी रही कि भारत ने 238 अंकों का स्कोर बनाकर 2014 में साउथ कोरिया द्वारा बनाए गए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

फाइनल की शुरुआत चीन के लिए अच्छी नहीं रही. चीन की टीम ने पहले रोटेशन में तीन नाइन लगाए और 27 अंक बनाए. इसके जवाब में भारतीय तिकड़ी ने तीनों तीर पर 10-10-10 का परफेक्ट स्कोर हासिल किया और 30-27 की बढ़त बना ली. दूसरे रोटेशन में चीन ने दो 10 लगाए, लेकिन भारतीय तीरंदाजों ने भी तीन परफेक्ट 10 के साथ जवाब दिया. दूसरे रोटेशन के बाद भारत 60-57 से आगे था. चीन ने तीसरे रोटेशन की शुरुआत 9 से की और इसके बाद लगातार दो 10 लगाए. भारत की ओर से चिकिता को पहला 9 मिला, लेकिन पृथिका और ज्योति ने 10-10 लगाकर टीम की बढ़त कायम रखी. इस रोटेशन के बाद स्कोर 89-87 भारत के पक्ष में रहा.

भारत की तीरंदाजी तिकड़ी का धमाका

पहले हाफ के अंत तक भारत ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली. चीन ने 10, 10 और 9 के साथ 29 अंक बनाए, जबकि भारत ने लगातार तीन 10 लगाकर परफेक्ट रोटेशन पूरा किया. हाफ टाइम पर भारत 119-116 से आगे था. दूसरे हाफ की शुरुआत में चीन ने तीन 10 लगाए. भारत की ओर से एक 9 और दो 10 आए, लेकिन इसके बावजूद भारतीय टीम ने 148-146 की बढ़त बनाए रखी. अगले रोटेशन में चीन तीन परफेक्ट 10 हासिल नहीं कर सका, जबकि भारत ने तीनों तीरों पर 10 लगाए. इससे भारत की बढ़त बढ़कर 178-175 हो गई. बाद में रिव्यू के बाद चीन के एक 9 को 10 में बदला गया और स्कोर 178-176 हो गया.

आखिरी राउंड में भारत ने कैसे जीता गोल्ड? 

फाइनल के निर्णायक चरण में चीन की टीम दबाव में दिखाई दी और 10 के साथ दो 9 लगाए. भारत की ओर से पृथिका और ज्योति ने 10 लगाकर टीम को 208-204 की बढ़त दिला दी. इसके बाद आखिरी तीरों में भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया. चिकिता, पृथिका और ज्योति ने 10-10-10 लगाकर फाइनल को परफेक्ट अंदाज में खत्म किया और भारत ने चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया. इस गोल्ड मेडल के साथ ज्योति सुरेखा वेन्नम का यह चौथा एशियन गेम्स गोल्ड बन गया. वहीं, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप ने अपने एशियन गेम्स डेब्यू पर ही गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की.गोल्ड मेडल फाइनल से पहले भारत को साउथ कोरिया की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था. भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने बेहद रोमांचक सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 235-233 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More