IND vs NZ T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो T20I मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने वाली टीम इंडिया को तीसरे T20I मैच से पहले बड़ा झटका लगा है. विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भी नहीं खेल पाएंगे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसकी जानकार दी है. ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान चोटिल हो गए थे.
ईशान किशन की दाईं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था, जिसे मेडिकल भाषा में राइट एडडक्टर स्ट्रेन कहा जाता है. इसी वजह से वह सीरीज का दूसरा मुकाबला भी नहीं खेल सके थे. अब तक वह मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं, इसलिए वह तीसरे T20I मैच से भी बाहर हो गए हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया कि ईशान किशन की स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन वह अभी खेलने के लिए तैयार नहीं हैं.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बयान में कहा, 'ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले T20I मैच के दौरान लगी जांघ की चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं. वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं, इसलिए 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 मैच से बाहर हो गए हैं.'
BCCI ने आगे कहा, 'भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की मेडिकल टीम ईशान किशन की स्थिति पर नजर रख रही है. तीसरे T20I मैच के लिए कुमार कुशाग्र टीम के साथ बने रहेंगे.' जांघ के अंदरूनी हिस्से में मौजूद 'एडक्टर' मांसपेशियां पैर की हलचल में मदद करती हैं.
Update Ishan Kishan is recovering well from his low grade right adductor strain, which he sustained during the first T20I of the series against New Zealand. He is yet to regain match fitness and is ruled out of the third T20I to be played on October 27, 2026 in Wellington. The BCCI Medical Team is monitoring Ishan's progress. Kumar Kushagra will continue to be with the team for the third T20I. #TeamIndia | #NZvIND
— BCCI (@BCCI) October 26, 2026
ईशान किशन के बाहर होने की वजह से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को दूसरे T20I मैच की प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था. भारत ने चोटिल किशन की जगह कवर के तौर पर विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया था. बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि कुमार कुशाग्र तीसरे T20I मैच के लिए भी टीम के साथ रहेंगे. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर 2026 को वेलिंगटन में खेला जाएगा. भारतीय टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है. अब टीम इंडिया की नजर तीसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी.