टीम इंडिया के स्टार स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में दो बड़े रिकॉर्ड्स तोड़ने का मौका है. 36 साल के इस अनुभवी तेज गेंदबाज की नजरें टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे करने और इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 विकेट का आंकड़ा छूने पर होंगी.
वेस्टइंडीज के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बारिश के कारण बेनतीजा रहे पांचवें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार की चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई थी, लेकिन उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला. अब न्यूजीलैंड दौरे पर उनके खेलने को लेकर फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं. अगर भुवनेश्वर कुमार को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो वह लंबे समय बाद भारतीय जर्सी में मैदान पर उतर सकते हैं.
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए 87 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 23.10 की औसत से 90 विकेट लिए हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम दो बार पांच विकेट लेने और तीन बार चार विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. उन्हें टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे करने के लिए अब सिर्फ 10 विकेट की जरूरत है. अगर वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे.
1. अर्शदीप सिंह -145 विकेट
2. जसप्रीत बुमराह - 126 विकेट
3. हार्दिक पांड्या - 114 विकेट
4. अक्षर पटेल - 113 विकेट
5. कुलदीप यादव - 98 विकेट
6. युजवेंद्र चहल - 96 विकेट
7. भुवनेश्वर कुमार - 90 विकेट
भुवनेश्वर कुमार के सामने दूसरा बड़ा लक्ष्य इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करना है. तीनों फॉर्मेट को मिलाकर वह अब तक 294 विकेट ले चुके हैं. ऐसे में उन्हें इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल छह विकेट की जरूरत है. अगर वह न्यूजीलैंड दौरे पर यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो इंटरनेशनल क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करने वाले भारत के 14वें गेंदबाज बन जाएंगे. इसके अलावा, वह यह मुकाम हासिल करने वाले भारत के नौवें तेज गेंदबाज भी होंगे.
1. अनिल कुंबले - 956 विकेट
2. रविचंद्रन अश्विन - 765 विकेट
3. हरभजन सिंह - 711 विकेट
4. कपिल देव - 687 विकेट
5. रवींद्र जडेजा - 644 विकेट
6. जहीर खान - 610 विकेट
7. जवागल श्रीनाथ - 551 विकेट
8.जसप्रीत बुमराह - 511 विकेट
9. मोहम्मद शमी - 462 विकेट
10. ईशांत शर्मा - 434 विकेट
11. कुलदीप यादव - 379 विकेट
12. अजीत अगरकर - 349 विकेट
13. इरफान पठान - 301 विकेट
14. भुवनेश्वर कुमार - 294 विकेट