गेंद पुराना हुआ तो गेंदबाजी फुस्स... हथियार डाल बैठे टीम इंडिया के बॉलर्स, 70 रन पर 5 विकेट चटकाने के बावजूद न्यूजीलैंड ने ठोक दिए 368 रन
गेंद पुराना हुआ तो मानों टीम इंडिया के गेंदबाज हथियार डाल बैठे. 28.2 ओवर में 70 रन पर 5 विकेट के स्कोर से उबरते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने भारत के खिलाफ पहली पारी में 368 रन बना दिए.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में जारी पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम की एक बार फिर से वही पुरानी गलती देखने को मिली है. इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम का स्कोर पहली पारी में एक वक्त पर 70 रन पर 5 विकेट था. इसके बाद जैसे ही गेंद ने अपनी चमक खोई तो भारतीय टीम के सभी गेंदबाज बेअसर हो गए. जैसे ही गेंद पुराना हुआ तो मानों टीम इंडिया के गेंदबाज हथियार डाल बैठे. 28.2 ओवर में 70 रन पर 5 विकेट के स्कोर से उबरते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने भारत के खिलाफ पहली पारी में 368 रन बना दिए.
भारत के लिए इस मैच की पहली पारी में भले ही जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट चटकाए, लेकिन हेनरी निकोल्स की नाबाद 175 रनों की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 368 रन का स्कोर बनाया. हेनरी निकोल्स ने अपनी पारी में 21 चौके जमाए. हेनरी निकोल्स का उनके साथी खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स ने बखूबी साथ निभाया. ग्लेन फिलिप्स ने नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए 216 गेंद पर 118 रनों की पारी खेली, जिसमें 14 चौके शामिल रहे. हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने मिलकर छठे विकेट के लिए 216 रनों की अहम पार्टनरशिप की. इसी पार्टनरशिप ने मैच का पासा पलट दिया.
गेंद पुराना हुआ तो गेंदबाजी फुस्स
भारतीय पारी में दौरान जसप्रीत बुमराह ने 29 ओवर में 92 रन, अंशुल कंबोज ने 23 ओवर में 69 रन, आकाश दीप ने 23 ओवर में 53 रन, प्रसिद्ध कृष्णा ने 26 ओवर में 100 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 20 ओवर में 45 रन लुटा दिए. टेस्ट क्रिकेट में यह कोई नहीं बात नहीं है, जब भारतीय गेंदबाजों ने किसी मैच के दौरान विपक्षी टीम के ऊपर के 5 बल्लेबाज जल्दी आउट करने के बाद अपनी पकड़ ढीली कर दी हो. अतीत में कई बार विपक्षी टीम के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भारत के खिलाफ बेहतर खेल दिखाया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम पहली पारी में न्यूजीलैंड के 368 रनों के जवाब में कितने रन बोर्ड पर लगाती है.
हथियार डाल बैठे टीम इंडिया के बॉलर्स
वेलिंग्टन टेस्ट के दूसरे दिन आकाश दीप ने पहले सेशन में न्यूजीलैंड के खतरनाक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को आउट करके भारत को बड़ी राहत दी. ग्लेन फिलिप्स 216 गेंद पर 118 रन बनाकर आउट हुए. ग्लेन फिलिप्स ने इस साल भारत के खिलाफ टेस्ट के अलावा वनडे इंटरनेशनल और टी20 इंटरनेशनल में भी शतक बनाया है. ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. 94वें ओवर की छठी गेंद पर आकाश दीप ने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद 110वें ओवर की पहली गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने नाथन स्मिथ को एलबीडबल्यू आउट कर दिया.
प्रसिद्ध कृष्णा ने नाथन स्मिथ को सिर्फ 14 रन पर आउट कर दिया. उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 7 विकेट पर 318 रन था. हेनरी निकोल्स ने महज 175 गेंदों में अपने 150 रन पूरे किए और काइल जेमिसन के साथ साझेदारी बनाने की कोशिश की, लेकिन यह साझेदारी सिर्फ 30 रनों तक ही सीमित रही. काइल जेमिसन को आकाश दीप ने 11 रन पर आउट कर दिया और अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मैट हेनरी को 1 रन पर पवेलियन भेज दिया.
जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके
इसके बाद हेनरी निकोल्स और जैकब डफी (4) के बीच 20 रनों की एक छोटी सी साझेदारी हुई, लेकिन फिर अंशुल कंबोज ने जैकब डफी को आउट कर दिया. इसके साथ ही न्यूजीलैंड की पारी 121 ओवर में 368 रनों पर सिमट गई. भारत के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. वहीं, आकाश दीप ने 3 विकेट चटकाए. इसके अलावा अंशुल कंबोज ने 2 विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा को 1 विकेट हासिल किया है.