App

15 मिमी हरी घास वाली पिच... न्यूजीलैंड के जाल में नहीं फंसेंगे कप्तान शुभमन गिल, बेसिन रिजर्व में खेलेंगे भारत के 4 तेज गेंदबाज

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान की पिच पर 15 मिमी हरी घास देख कप्तान शुभमन गिल ने खास मास्टरप्लान बनाया है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट से पहले कप्तान शुभमन गिल ने चार तेज गेंदबाजों को खिलाने के संकेत दिए हैं.

15 मिमी हरी घास वाली पिच... न्यूजीलैंड के जाल में नहीं फंसेंगे कप्तान शुभमन गिल, बेसिन रिजर्व में खेलेंगे भारत के 4 तेज गेंदबाज
Image Credit: India vs New Zealand 1st Test Basin Reserve

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरेगी, इसे लेकर सस्पेंस लगातार बढ़ता जा रहा है. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान की हरी-भरी पिच देखकर ऐसा लग रहा है कि यहां तेज गेंदबाजों का दबदबा रहने वाला है. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर कदम रखते ही सबसे पहली नजर पिच पर मौजूद घनी हरी घास पर पड़ती है. मैदान के किनारों से लेकर आउटफील्ड और मुख्य पिच तक हर तरफ हरियाली ही हरियाली है.

क्यूरेटर ने पिच पर करीब 15 मिमी घास छोड़ी है, जो आमतौर पर टेस्ट मैचों के पहले दिन दिखने वाली 6-8 मिमी घास से दोगुनी से भी ज्यादा है. कल यानी गुरुवार (19 नवंबर) से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पहले यह नजारा किसी भी तेज गेंदबाज के लिए स्वर्ग जैसा लग सकता है, लेकिन टीम इंडिया इस बार इस 'ग्रीन ट्रैप' में फंसने के मूड में बिल्कुल नहीं है. कप्तान शुभमन गिल ने मीडिया से बातचीत के दौरान बार-बार ऐसे गेंदबाजों को खिलाने पर जोर दिया जो पिच पर तेज गति से गेंद पटक सकें.

न्यूजीलैंड के जाल में नहीं फंसेंगे कप्तान शुभमन गिल

शुभमन गिल के बयान से साफ है कि भारतीय टीम सिर्फ पहले सेशन की स्विंग को देखकर प्लेइंग इलेवन नहीं चुनेगी, बल्कि उनकी नजर तीसरे, चौथे और पांचवें दिन के खेल पर टिकी है. टीम कॉम्बिनेशन पर चर्चा करते हुए शुभमन गिल ने कहा, 'हमने देखा है कि तीसरे, चौथे और पांचवें दिन, खासकर पुरानी गेंद से, विकेट थोड़ा सपाट हो सकता है.' मैच की शुरुआत में बादल छाए रहने पर बेसिन रिजर्व में गेंद स्विंग हो सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पिच का मिजाज बदल जाता है.

भारत चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा

कूकाबुरा गेंद की चमक खत्म होने और पिच पर मौजूद हरी घास के सूखकर भूरे रंग के तिनकों में बदल जाने के बाद, बल्लेबाजी करना काफी आसान हो जाता है. शुभमन गिल ने कहा, 'हमें कम से कम ऐसे दो गेंदबाज चाहिए जो गेंद को जोर से पटक कर डाल सकें और 130 kmph -140 kmph की तेज गति से गेंदबाजी कर सकें. जब कूकाबुरा गेंद पुरानी हो जाती है, तो उसकी सीम घिस जाती है और वह पिच से उतनी स्विंग नहीं होती. ऐसे में आपको ऐसे गेंदबाजों की जरूरत होती है जो गेंद को जोर से पटक कर डालें और लगातार मौके बनाते रहें.' शुभमन गिल ने संकेत दिया है कि गुरुवार को भारत का फास्ट बॉलिंग अटैक कैसा हो सकता है. यह साफ है कि भारत चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा. टीम सेलेक्शन की इस उलझन को उन्होंने अच्छा सिरदर्द बताया.

मोहम्मद सिराज के लिए अच्छी खबर नहीं

शुभमन गिल ने कहा, 'हम सात पक्के बल्लेबाजों को देख रहे हैं. नंबर 8 और नंबर 9 के स्थान टीम के कॉम्बिनेशन पर निर्भर करेंगे, क्योंकि आकाश दीप और अंशुल कंबोज दोनों ही थोड़ी-बहुत बल्लेबाजी कर सकते हैं.' शुभमन गिल का यह बयान बताता है कि वे जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ किसी अन्य सीम गेंदबाज को चुनने के बजाय आकाश दीप, अंशुल कंबोज और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार जैसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दे सकते हैं. यह मोहम्मद सिराज के लिए बिलकुल भी अच्छी खबर नहीं है. शुभमन गिल ने वेलिंगटन की हवाओं के अनोखे असर का भी जिक्र किया.

बेसिन रिजर्व में गेंदबाजी करना मुश्किल

शुभमन गिल ने कहा, 'मुझे लगता है कि बल्लेबाजों के मुकाबले गेंदबाजों के लिए यह कहीं ज्यादा मुश्किल काम है. अगर किसी गेंदबाज को 15 या 20 ओवर फेंकने हों और उनमें से आधे ओवर हवा के विपरीत दिशा में डालने पड़ें, तो यह वाकई बहुत कठिन काम है.' शायद यही वजह है कि भारत एक ऐसा गेंदबाजी अटैक चाहता है जिसमें विविधता हो और जो खेल के अलग-अलग चरणों में असरदार साबित हो सके. शुभमन गिल ने कहा, 'हम चार तेज गेंदबाजों को शामिल करने के बारे में सोच रहे हैं. हमें ऐसे गेंदबाजों की जरूरत है जो गेंद में मूवमेंट होने पर उसका फायदा उठा सकें और अगर गेंद ज्यादा मूव न हो रही हो, तो वे पूरी ताकत लगाकर लगातार सही लेंथ पर गेंदबाजी कर सकें.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More