अंडर-19 एशिया कप में भारत की पहली हार: अर्जुन राजपूत का शतक पड़ा फीका, 61 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान जीता
अंडर-19 एशिया कप के अपने दूसरे मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है. उसे पाकिस्तान ने तीन विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में नेपाल को हराया था. अब ग्रुप ए में उसका आखिरी मैच यूएई से होगा.
अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम को पहली हार का सामना करना पड़ा है. ग्रुप ए के अपने पहले मैच में नेपाल को हराने वाली टीम इंडिया रविवार (आठ नवंबर) को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में परास्त हो गई. दो मैचों में भारत के खाते में अब दो अंक है और वह दूसरे स्थान पर काबिज है. पाकिस्तान ने यूएई के बाद भारत पर जीत से दो अंक और हासिल किए. इससे उसके खाते में अब चार अंक हैं और वह अंक तालिका में पहले स्थान पर है. टीम इंडिया ग्रुप में अपना आखिरी मैच 10 नवंबर को यूएई से खेलेगी.
भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टीम इंडिया 46.3 ओवरों में 208 रनों पर सिमट गई. अर्जुन राजपूत ने 85 गेंद पर 107 रन बनाए. भारत से मिले 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम एक समय 61 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी. यहां से हमजा जहूर ने 108 गेंद पर 108 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी. वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए और मैच फिनिश करके ही वापस लौटे. पाकिस्तान ने मैच को तीन विकेट से अपने नाम कर लिया.
जहूर और हसनैन की शतकीय साझेदारी
मैच में ज्यादातर समय तक भारत मैच में आगे रहा, लेकिन हमजा जहूर की पारी ने उससे मैच छीन लिया. जहूर ने हसनैन अब्बास डार के साथ मिलकर आखिरी समय में छठे विकेट के लिए 107 रनों की अहम साझेदारी की. इन दो बल्लेबाजों की जीवटता ने अर्जुन राजपूत के शतक को बेकार कर दिया. हसनैन ने 67 गेंद पर 38 और अब्दुल कादिर ने 27 गेंद पर 20 रन बनाए. भारत के लिए गेंदबाजी में मनल चौहान ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें: प्रसिद्ध कृष्णा की धमाकेदार वापसी, यशस्वी जायसवाल का शतक, न्यूजीलैंड पर इंडिया ए ने कसा शिकंजा
लगातार दूसरी बार जीता पाकिस्तान
पाकिस्तान ने इससे लगातार दूसरे अंडर-19 एशिया कप में भारत को हराया है. पिछले साल दुबई में समीर मिन्हास के शानदार 171 रनों की बदौलत पाकिस्तान को जीत मिली थी. इस बार वही भूमिका हमजा जहूर ने निभाई.
ये भी पढ़ें: सहवाग-द्रविड़ के लाल फेल, अर्जुन राजपूत ने पाकिस्तान के खिलाफ ठोक दिया शतक, पिता बेचते थे छोले-कुलचे
सहवाग और द्रविड़ के बेटे फेल
इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान लक्ष्य रायचंदानी खाता नहीं खोले पाए. वह शून्य पर आउट हो गए. उनके बाद क्रीज पर आए वीके विनीत आठ रन ही बना पाए. यशवर्धन चौहान का बल्ला भी नहीं चला और वह एक रन ही बना पाए. भारत ने 22 रन पर तीन विकेट गंवा दिए. यहां से भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अर्जुन राजपूत के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 22 रन बनाकर आउट हुए. पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और वह 10 रन ही बना सके. अर्जुन ने 85 गेंद पर 107 रन बनाए. उन्होंने 11 चौके और पांच छक्के लगाए.