)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. दूसरे और आखिरी टेस्ट में अब दो दिनों का खेल बाकी है. मेजबान टीम तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय दूसरी पारी में 243 रनों की बढ़त बना चुकी है. अब चौथे दिन उसकी नजर इसमें 100-150 रन जोड़कर टीम इंडिया को दबाव में लाने पर होगी. कीवी टीम की मौजूदा बढ़त भी इसके लिए काफी है, क्योंकि भारत अब तक चौथी पारी में न्यूजीलैंड की जमीन पर 200 से ज्यादा रन चेज नहीं कर पाया है.
क्राइस्टचर्च का रिकॉर्ड भी भारतीय खेमे में उम्मीदें बढ़ाती हुई नजर आ रही हैं. न्यूजीलैंड में टेस्ट में चौथी पारी का सबसे बड़ा टोटल पिछले साल इसी जगह पर वेस्टइंडीज ने बनाया था. उसने 163.3 ओवर में 457/6 का स्कोर कड़ा किया था. उसके सामने 531 रन का टारगेट था. वह टेस्ट मैच हार गया था, लेकिन उसने चौथी पारी में 457 रन बना दिए थे.
न्यूजीलैंड में सबसे बड़ा टारगेट 345 रन का है. वेस्टइंडीज ने 1969 में ऑकलैंड में चेज किया था. 21वीं सदी में सबसे बड़ा टारगेट न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 285 रन बनाकर हासिल किया था. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 2023 और 2024 में मेजबान टीम के खिलाफ 279 रन बनाए थे. दोनों बार उसने क्राइस्टचर्च में ही यह कारनामा करके दिखाया था.
शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने 116.3 ओवर में 356 रन बनाए. इसके बाद टीम इंडिया ने पहली पारी में 246 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 110 रनों की बढ़त मिल गई. कीवी टीम ने दूसरी पारी में तीसरे दिन स्टंप तक 46 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बना लिए हैं. उसकी बढ़त 243 रनों की हो गई है.