)
भारतीय शेयर बाजार ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में अपनी अलग पहचान बनाई है. दुनिया की प्रमुख ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म जेफरीज (Jefferies) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अमेरिका के बाद दुनिया का सबसे जीवंत और सक्रिय कैपिटल मार्केट बनकर उभरा है. रिपोर्ट में भारतीय बाजार की मजबूती का श्रेय घरेलू निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, मिडकैप शेयरों में सक्रियता और निवेशकों के विविध पोर्टफोलियो को दिया गया है.
जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट 'GREED & fear' में कहा है कि भारत का शेयर बाजार दुनिया के दूसरे बाजारों से अलग तरीके से विकसित हुआ है. जहां एशिया, यूरोप और लैटिन अमेरिका के निवेशक तेजी से अमेरिकी शेयरों, खासकर टेक्नोलॉजी कंपनियों में पैसा लगा रहे हैं. वहीं भारत ने घरेलू निवेशकों के दम पर अपने बाजार को मजबूती दी है.
जेफरीज के मुताबिक, भारत के कैपिटल मार्केट की सबसे बड़ी ताकत घरेलू निवेशकों की भागीदारी है. रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के कई हिस्सों में निवेशक मोबाइल ट्रेडिंग ऐप के जरिए अमेरिकी शेयरों में तेजी से पैसा लगा रहे हैं. खासकर अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों में निवेश बढ़ने से दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ शेयर बाजारों में ट्रेडिंग गतिविधियां प्रभावित हुई हैं. इसके मुकाबले भारत में खुदरा निवेशकों का मजबूत आधार बाजार को सक्रिय बनाए रखने में मदद कर रहा है.
रिपोर्ट में भारतीय और अमेरिकी शेयर बाजार के बीच कुछ अहम अंतर भी बताए गए हैं. जेफरीज का कहना है कि भारतीय निवेशकों के इक्विटी पोर्टफोलियो आमतौर पर अमेरिकी निवेशकों की तुलना में ज्यादा विविध होते हैं. इसके अलावा भारत के मिडकैप शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है. इससे बाजार में अलग-अलग आकार की कंपनियों को निवेश आकर्षित करने का अवसर मिलता है.
जेफरीज ने भारत में पैसिव इन्वेस्टिंग की अपेक्षाकृत कम भूमिका को भी एक सकारात्मक पहलू बताया है. पैसिव फंड ऐसे निवेश फंड होते हैं, जो किसी शेयर बाजार सूचकांक को ट्रैक करते हैं और उसी के अनुसार निवेश करते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में इंडेक्स आधारित निवेश का चलन काफी बढ़ा है. इसके कारण निवेश का बड़ा हिस्सा कुछ प्रमुख कंपनियों में केंद्रित हो सकता है. जेफरीज ने चिंता जताई है कि इससे निवेशक कंपनियों के वास्तविक कारोबार और उनके शेयरों के मूल्यांकन पर पर्याप्त ध्यान दिए बिना भी निवेश कर सकते हैं.
जेफरीज ने दोनों बाजारों के नियामकीय ढांचे में भी अंतर बताया है. भारत में निवेश से जुड़े ऐप्स में पेमेंट फॉर ऑर्डर फ्लो (Payment for Order Flow) की अनुमति नहीं है. इस सिस्टम में ब्रोकर ग्राहकों के ट्रेडिंग ऑर्डर को किसी खास ट्रेडिंग फर्म की ओर भेजने के बदले पेमेंट प्राप्त करते हैं. जेफरीज के अनुसार, इस तरह के अंतर भी भारतीय बाजार की संरचना को अमेरिकी बाजार से अलग बनाते हैं.
जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में अमेरिकी शेयर बाजार में वैश्विक निवेश की बढ़ती हिस्सेदारी पर चिंता जताई है. खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों में निवेश बढ़ने के कारण अमेरिकी बाजार में पूंजी का बड़ा हिस्सा केंद्रित होता जा रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, 24 दिसंबर 2024 तक MSCI AC वर्ल्ड इंडेक्स के तहत वैश्विक शेयर बाजार के कुल मार्केट कैप में अमेरिकी शेयरों की हिस्सेदारी 67.2 प्रतिशत थी. जेफरीज का मानना है कि यह स्तर अपने उच्चतम स्तर के करीब हो सकता है.
फर्म ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी शेयरों के वैल्यूएशन में बड़ी गिरावट आती है, तो अमेरिकी इक्विटी में जरूरत से ज्यादा निवेश करने वाले अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को भारी नुकसान हो सकता है. इसका असर वैश्विक निवेश और वित्तीय बाजारों पर भी पड़ सकता है.
रिपोर्ट में अमेरिकी सरकारी बॉन्ड और शेयरों में विदेशी निवेश के बीच एक दिलचस्प अंतर भी सामने आया है. विदेशी सरकारी संस्थानों के पास मौजूद अमेरिकी ट्रेजरी सिक्योरिटीज की हिस्सेदारी 2011 के अंत में 36.4 प्रतिशत थी, जो सितंबर 2026 में घटकर 11.5 प्रतिशत रह गई.
विदेशी निवेशकों ने अमेरिकी शेयरों में निवेश जारी रखा है. सितंबर 2026 को समाप्त हुए 12 महीनों के दौरान अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने अमेरिकी इक्विटी में शुद्ध रूप से 945 अरब डॉलर का निवेश किया.
जेफरीज ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आती है, तो इससे वहां के घरेलू निवेशकों की संपत्ति और खर्च करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है. इसका असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था और मौद्रिक नीति पर भी पड़ सकता है.
जेफरीज का मानना है कि घरेलू निवेशकों की मजबूत भागीदारी, विविध निवेश पोर्टफोलियो और सक्रिय मिडकैप बाजार ने भारत को वैश्विक शेयर बाजारों में एक खास स्थान दिलाया है. अमेरिका भले ही दुनिया का सबसे बड़ा कैपिटल मार्केट बना हुआ है, लेकिन भारत उसके बाद सबसे जीवंत बाजार के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है.