SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'टेस्ट में वक्त खराब चल रहा...', खतरे में गौतम गंभीर की कोचिंग? दिनेश कार्तिक के बयान ने मचाई हलचल

न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर के फैसलों ने फैंस को हैरान किया है. टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार फाइनल से दूर रह सकती है. दिनेश कार्तिक ने उनकी कोचिंग पर बड़ा बयान दिया है.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 29, 2026, 22:40 IST | Updated: Nov 29, 2026, 22:43 IST
Image Credit: गौतम गंभीर. AP
Join

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम मुश्किल में है. मैच में तीन दिन हो चुके हैं और बाकी बचे दो दिनों में सीरीज का नतीजा तय हो जाएगा. भारत दूसरे टेस्ट में फिलहाल 243 रन पीछे है. सीरीज में टीम इंडिया के प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कोच गौतम गंभीर पर दबाव बढ़ने की बात कही है. उनका मानना है कि इस सीरीज के बाद टेस्ट में कोचिंग को लेकर गंभीर की काफी ज्यादा आलोचना होने वाली है.

कार्तिक का कहना है कि अगर भारतीय क्रिकेट में स्प्लिट कोचिंग (अलग-अलग फॉर्मेट के अलग-अलग कोच) की व्यवस्था होती, तो गंभीर पर टेस्ट कोच के रूप में भारी दबाव साफ नजर आता. टीम चयन को लेकर गंभीर की कड़ी आलोचना हो रही है. आलोचनाओं के घेरे में कप्तान शुभमन गिल भी हैं. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को दोनों टेस्ट मैच से बाहर रखने पर गंभीर और गिल सबके निशाने पर हैं.

आकाश की जगह उतरे कृष्णा

क्राइस्टचर्च में भारतीय टीम के चयन फैसलों पर विवाद हुआ है. तेज गेंदबाज आकाश दीप सिर में गेंद (कंकशन) के कारण मैच के बाकी हिस्से से बाहर हो गए. आकाश के बाहर होने के बाद भी मोहम्मद सिराज को मैच में नहीं उतारा गया. टीम ने प्रसिद्ध कृष्णा को उतारने का फैसला किया है. टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से विवाद और ज्यादा गहरा गया है.

ये भी पढ़ें: कप्तानी गई, टीम से भी कटा पत्ता: 'मेरी बैटिंग में कोई खराबी नहीं...', सूर्यकुमार का छलका दर्द, वापसी का बताया प्लान

दो सीरीज की हार ने भी गंभीर पर बढ़ाया दबाव

गंभीर पर सिर्फ सिराज और जडेजा को लेकर लिए गए फैसलों ने दबाव बढ़ाने का काम नहीं किया है, बल्कि दो बड़ी सीरीज में क्लीन स्वीप ने भी उन्हें परेशानी में डाला है. टीम इंडिया 2024 में न्यूजीलैंड और 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप हुई थी. कार्तिक ने एक बातचीत में कहा कि भारत में स्प्लिट-कोचिंग को भले ही स्पष्टता न हो, लेकिन टेस्ट में आए इन नतीजों ने गंभीर को दबाव में ला दिया है.

ये भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च टेस्ट में फंसा भारत: 200 से ज्यादा रन चेज करना न्यूजीलैंड में टेढ़ी खीर, 1968 के बाद से नहीं हुआ करिश्मा

वनडे-टी20 में सफलता की सराहना

कार्तिक ने गंभीर के कार्यकाल में सीमित ओवरों (व्हाइट-बॉल) के क्रिकेट में मिली सफलता की तारीफ की है. गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप का खिताब जीता है. कार्तिक के मुताबिक, टेस्ट में गंभीर का सफर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है और दो क्लीन स्वीप ने उनकी रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मौजूदा टेस्ट मैच में अगर टीम इंडिया हारती है वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 फाइनल में पहुंचने का रास्ता भी काफी कठिन हो जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES