App

IND vs NZ 4th ODI: चौथे ODI मैच में अचानक बदल गया भारत का कप्तान, 3 खतरनाक खिलाड़ियों की हुई प्लेइंग इलेवन में एंट्री

पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम 2-0 से आगे चल रही है. माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं.

IND vs NZ 4th ODI: चौथे ODI मैच में अचानक बदल गया भारत का कप्तान, 3 खतरनाक खिलाड़ियों की हुई प्लेइंग इलेवन में एंट्री
Image Credit: IND vs NZ 4th ODI

टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुक्रवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे ODI मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. श्रेयस अय्यर पहली बार 50 ओवर के फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं और उनकी कप्तानी में ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और कुलदीप यादव को भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है. श्रेयस अय्यर पुरुषों के ODI क्रिकेट में भारत की कप्तानी करने वाले 29वें खिलाड़ी बन गए हैं. नियमित कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए टीम से अलग हो गए हैं, जिसके बाद श्रेयस अय्यर ने कमान संभाली है.

हैमिल्टन में बारिश के कारण तीसरा ODI मैच रद्द होने के बाद भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है. रोहित शर्मा के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ओपनिंग कर सकते हैं, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सकते हैं. 3-2 से जीती गई T20I सीरीज और पहले तीन वनडे मैचों में मौका न मिलने के बाद, आखिरकार कुलदीप को इस मैच में खेलने का मौका मिला है.

मोहम्मद सिराज को बेंच पर ही बैठना पड़ा

जहां ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और कुलदीप यादव को इस ODI सीरीज में अपना पहला मैच खेलने का मौका मिला है, वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बेंच पर ही बैठना पड़ा है. श्रेयस ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह लक्ष्य का पीछा (चेजिंग) करने के बारे में है. कल जब हमने पिच देखी थी, तो उस पर थोड़ी घास थी, लेकिन आज यह काफी सूखी लग रही है. साथ ही, शाम को ओस पड़ने की संभावना को देखते हुए भी हमने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है.'

भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आगे कहा, 'सबसे पहले, हमने जो पिछले मैच खेले हैं, उनका विश्लेषण करना जरूरी है. हमें पूरे मैच खेलने को नहीं मिले, लेकिन फिर भी मुझे लगता है कि हमारी अप्रोच और रवैया शानदार रहा. इस मैच को हम निश्चित रूप से एक नॉकआउट मुकाबले की तरह ही लेंगे. आने वाले दो मैच बहुत अहम और महत्वपूर्ण होने वाले हैं.'

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने बताया कि उनकी टीम में छह बड़े बदलाव हुए हैं, क्योंकि उनके मुख्य खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए चले गए हैं. इसका मतलब है कि निक केली तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, और उनके बाद डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, क्रिस्टियन क्लार्क, माइकल ब्रेसवेल और मैट हेनरी प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे.

मिचेल सेंटनर ने कहा, 'क्रिकेट के लिए आज का दिन बहुत अच्छा लग रहा है. यहां की पिच आमतौर पर काफी अच्छी होती है, और हवा और थोड़ी धूप के साथ, यह और भी बढ़िया रहेगी.पिच पर थोड़ी घास है, इसलिए इसमें कुछ पेस और बाउंस देखने को मिल सकता है, लेकिन हवा और धूप की वजह से यह थोड़ी सूख भी सकती है. कुल मिलाकर, यह एक अच्छी पिच होनी चाहिए. इससे खिलाड़ियों को मौके मिल रहे हैं, जो कि अच्छी बात है. वर्ल्ड कप वाले साल से पहले अपनी टीम की गहराई (डेप्थ) बढ़ाना जरूरी है, और खिलाड़ियों के लिए एक बहुत मजबूत टीम के खिलाफ खुद को परखने का यह एक अच्छा मौका है. शेड्यूल को देखते हुए, भारत को भी टेस्ट सीरीज के तुरंत बाद ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी करनी पड़ रही है. मुझे लगता है कि यह उसी प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इससे खिलाड़ियों को मौके मिल रहे हैं, जो कि अच्छी बात है.'

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन 

भारत: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह. 

न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, ​​निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, मैथ्यू फिशर.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More