पावरप्ले में छूटा मोमेंटम, टीम इंडिया ने लुटाए 259 रन: न्यूजीलैंड से हार के बाद अय्यर ने स्वीकार की गलती
भारत को न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 मैच में 87 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम का कीवियों के खिलाफ लगातार 10 जीत का सिलसिला टूट गया. कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद बड़ा बयान दिया और गलती स्वीकार की है.
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड दौरे पर पहली हार का सामना करना पड़ा है. कीवी टीम ने पांच मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में उसे 87 रनों से हरा दिया. ऑकलैंड के ईडेन पार्क में शुक्रवार (30 अक्टूबर) को खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 259 रनों का पहाड़ स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी. इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने गलती मानते हुए कहा कि टीम से कुछ जगहों पर चूक हुई और इस पर काम किया जाएगा. भारत ने पिछले तीन मैचों में जीत हासिल की थी. इस तरह वह सीरीज में अब 3-1 से आगे है.
अय्यर ने सबसे पहले गेंदबाजी पर बात की और कहा कि टीम की गेंदबाजी में थोड़ी कमी रह गई. उन्होंने कहा, ''पावरप्ले के तीसरे ओवर में उन्हें मोमेंटम मिला. कुछ गेंदबाजों ने जोर लगाने की कोशिश की, लेकिन मुझे लगता है कि ग्लेन फिलिप्स ने बहुत अच्छी पारी खेली. कुछ जबरदस्त शॉट बहुत अच्छे थे. इसके लिए उन्हें शाबाशी. वह सीरीज में अच्छा खेल रहे हैं और उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है.''
फिलिप्स ने ठोका शतक
ग्लेन फिलिप्स ने इस मैच में शानदार शतक लगाया. उन्होंने 49 गेंद पर 107 रनों की पारी खेली. इस दौरान छह चौके और 10 छक्के लगाए. उनके साथ माइकल ब्रैसवेल ने 25 गेंद पर 65 रन ठोके. भारतीय गेंदबाज काफी महंगे रहे और सबकी इकोनॉमी रेट नौ से ऊपर की रही. इसके बाद भारत के बल्लेबाजों ने भी निराश किया और कोई भी अर्धशतक नहीं लगा पाया. यहां तक कि टॉप-6 में से तो कोई भी 30 रन तक नहीं पहुंच पाया.
ये भी पढ़ें: T20I में 150 विकेट... अर्शदीप सिंह ने रच दिया इतिहास, भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा करिश्मा
वापसी को लेकर तैयार अय्यर
अगले मैच के प्लान को लेकर अय्यर ने कहा, ''मुझे लगता है कि मुड़कर देखना जरूरी है. हमें यह देखना है कि हम असल में कहां वापसी कर सकते हैं. हम शायद ड्रॉइंग बोर्ड पर वापस जा सकते हैं और चीजों को विस्तार से देख सकते हैं. इसके बाद अगले मैच में पूरी काबिलियत के साथ उतरने की कोशिश कर सकते हैं.'' भारतीय कप्तान अय्यर के लिए खुद यह सीरीज अब तक अच्छी नहीं गई है और वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं.
ये भी पढ़ें: क्लीन स्वीप का सपना टूटा: न्यूजीलैंड के सामने दबाव में बिखरी टीम इंडिया की बैटिंग, ग्लेन फिलिप्स और जैकब डफी चमके
मुश्किल परिस्थितियों में खेलने की चुनौती
न्यूजीलैंड की परिस्थितियों के बारे में पूछे जाने पर अय्यर ने कहा, ''हमारी बातचीत इसे लेकर बस इतनी होती है कि हालात कैसे होंगे और कुछ ग्राउंड्स पर हम पहली बार खेलने वाले हैं. टीम के खिलाड़ियों से भी इसे लेकर बात होती है. उन खिलाड़ियों को यहां के हिसाब से ढलने में थोड़ा समय लगता है. यह आसान नहीं है और मुझे लगता है कि हम जिस तरह तीन मैचों में खेले हैं, वह शानदार था. मुझे लगता है कि युवा खिलाड़ी जब अगली बार यहां आएंगे तो उन्हें अपने काम को लेकर बेहतर आइडिया होगा.''