भुवनेश्वर कुमार और वैभव सूर्यवंशी की जगह पर लटकी तलवार? तीसरे T20I में ऐसी हो सकती है भारत की Playing XI
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20I मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव हो सकते हैं. भुवनेश्वर कुमार बाहर हो सकते हैं, जबकि ईशान किशन की वापसी से वैभव सूर्यवंशी को जगह गंवानी पड़ सकती है.
न्यूजीलैंड को पहले दो T20I मुकाबलों में धूल चटाने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच पर हैं. इस मुकाबले में जीत दर्ज करते ही भारत पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज पर कब्जा करते हुए 3-0 से अजेय बढ़त बना लेगा. इस अहम मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में बड़े-बड़े बदलाव हो सकते हैं. तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भुवनेश्वर कुमार की छुट्टी हो सकती है, जबकि ईशान किशन की वापसी से 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ सकता है.
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अब तक खेले गए दो T20I मैचों में अपनी गेंदबाजी से कोई कमाल नहीं कर पाए हैं, इसलिए उन्हें तीसरे T20I मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है. भुवनेश्वर कुमार ने अब तक खेले गए 90 T20I मैचों में 91 विकेट लिए हैं. भुवनेश्वर कुमार ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में 4 ओवर में बिना कोई विकेट हासिल किए 49 रन लुटा दिए थे. वहीं, शनिवार को उन्होंने दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में अपने चार ओवरों में 50 रन देकर सिर्फ 1 विकेट चटकाया था. तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में भुवनेश्वर कुमार की जगह मयंक यादव को शामिल किया जा सकता है.
भुवनेश्वर और वैभव की जगह पर लटकी तलवार?
मयंक यादव की जगह दूसरे T20I मैच में प्रिंस यादव को मौका मिला था. मयंक यादव ने सीरीज के पहले T20I मैच में हिस्सा लिया था. उस मैच में उन्होंने चार ओवर गेंदबाजी करते हुए 40 रन देकर 1 विकेट लिया था. भुवनेश्वर कुमार के अलावा 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी बेंच पर बैठना पड़ सकता है. ईशान किशन के चोटिल होने के कारण उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को दूसरे T20I मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, लेकिन नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए वह 8 गेंदों में सिर्फ 4 रन ही बना सके.
कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती पर सस्पेंस
ईशान किशन साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 1159 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में वापसी कर सकते हैं. ऐसे में ईशान किशन की जगह बनाने के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है. न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक खेले गए दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने कम से कम एक बार अपनी बल्लेबाजी से खुद को साबित किया है. इसलिए, प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह पक्की है. स्पिन-ऑलराउंडर अक्षर पटेल को आराम देकर उनकी जगह कुलदीप यादव या वरुण चक्रवर्ती को मौका दिया जा सकता है, लेकिन ऐसा होने की संभावना बहुत कम है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और मयंक यादव.