क्राइस्टचर्च टेस्ट में 'बदले' की आग: आकाश दीप के हेलमेट पर मारी दो बाउंसर, फिर जेमीसन ने दिया चौंकाने वाला बयान
क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे मैच में काइल जेमीसन की खतरनाक गेंदबाजी ने टीम इंडिया को काफी परेशान किया. उनके बाउंसर ने आकाश दीप को चोटिल कर दिया और वह मैच से ही बाहर हो गए. इस पर जेमीसन ने बड़ा बयान दिया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम तीसरे दिन रविवार (29 नवंबर) को मुश्किल परिस्थितियों में है. कीवियों ने दूसरी पारी में 243 रनों की बढ़त हासिल कर ली और उसके अभी सिर्फ तीन विकेट गिरे हैं. इस मैच में आंकड़ों के अलावा खिलाड़ियों के आक्रामक रवैयै पर भी फैंस की नजरें रहीं. तेज गेंदबाज काइल जेमीसन की बाउंसर पर भारत के आकाश दीप चोटिल हो गए. उन्हें मैच से बाहर होना पड़ा और उनकी जगह कंकशन सब्सीट्यूट के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को मैच में उतारा गया.
भारत की पहली पारी में जेमीसन ने आकाश दीप पर तीखी और खतरनाक शॉर्ट पिच गेंदों की बौछार कर दी. उनके इस आक्रामक स्पेल के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज के हेलमेट पर दो बार गेंद लगी. जेमीसन किसी भी तरह की नरमी दिखाने के लिए तैयार नहीं थे. वह आकाश के खिलाफ लगातार आक्रामक रहे. भारत ने न्यूजीलैंड की पहली पारी के स्कोर 356 रन के जवाब में पहली पारी में 116 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे. यहां से ध्रुव जुरेल का साथ आकाश दीप ने दिया और कीवी टीम की बढ़त को कम करने का काम किया. ध्रुव जुरेल ने 88 और आकाश ने 29 रन बनाए. टीम इंडिया पहली पारी में 246 रनों पर सिमटी. इसे न्यूजीलैंड को 110 रनों की लीड मिली.
जेमीसन क्यों इतने आक्रामक?
दिन के खेल के बाद जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेमीसन से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अपना रुख साफ कर दिया. जेमीसन ने कहा, ''क्या? उन्होंने भी हमें बाउंसर मारे थे. मैं उनकी परवाह क्यों करूं? उन्होंने हमें दिया, तो हम भी वापस दे रहे हैं. हमने इसकी शुरुआत नहीं की थी, लेकिन इसे खत्म हम ही करेंगे." जेमीसन ने अपने शब्दों में साफ-साफ बता दिया कि वह एक नंबर से लेकर 11 नंबर तक बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी में कोई अंतर नहीं करेंगे.
ये भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च टेस्ट में फंसा भारत: 200 से ज्यादा रन चेज करना न्यूजीलैंड में टेढ़ी खीर, 1968 के बाद से नहीं हुआ करिश्मा
जेमीसन के तीखे बाउंसर
जेमीसन की पहली शॉर्ट गेंद आकाश दीप के हेमलेट की ग्रिल पर जोर से लगी. इससे वह अस्थिर हो गए. तुरंत ही भारतीय टीम के फिजियो जांच के लिए मैदान पर पहुंचे. शुरुआती कंकशन (सिर की चोट) टेस्ट के बाद आकाश को बल्लेबाजी करने की अनुमति दे दी. इसके बाद चार गेंदबाद ही जेमीसन ने एक और तीखा बाउंसर मारा और फिर से गेंद सीधे हेलमेट पर लगी. आकाश ने हेलमेट बदला और दोबारा बल्लेबाजी शुरू की.
ये भी पढ़ें: 27 साल पहले करगिल में जंग लड़ रहे थे पिता, आज न्यूजीलैंड में बेटे की बल्लेबाजी देख हुए भावुक, आंखों में छलका गर्व
जेमीसन ने क्यों की बाउंसर की बौछार
जेमीसन का रुख इस दौरे में भारतीय टीम के आक्रामक रवैये का जवाब माना जा रहा है. वनडे सीरीज में गुरनूर बरार की कीवी खिलाड़ियों से तीखी बहस हुई थी. इसके बाद बरार ने इस टेस्ट मैच में भी जेमीसन के सामने कई शॉर्ट गेंद डाले थे. एक बाउंसर तो जेमीस की बांह पर भी लगा था. कीवी तेज गेंदबाज ने अब अपने रवैये को 'जैसे को तैसा' माना है और आकाश दीप का जिक्र करते हुए सीधे बरार का नाम नहीं लिया.