क्राइस्टचर्च टेस्ट में फंसा भारत: 200 से ज्यादा रन चेज करना न्यूजीलैंड में टेढ़ी खीर, 1968 के बाद से नहीं हुआ करिश्मा
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में 243 रनों की बढ़त हासिल कर ली है. मैच में दो दिन बाकी हैं और भारत को वह एक बड़ा टारगेट देने वाला है. ऐसे में टीम इंडिया के विदेशी मैदान पर चौथी पारी के रिकॉर्ड के बारे में हम आपको यहां बता रहे हैं.
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भारतीय टीम दूसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ बुरी तरह फंस गई है. मैच में तीन दिन का खेल हो चुका है और मेजबान टीम ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. दूसरी पारी में वह तीसरे दिन स्टंप तक 243 रनों से आगे था. कीवियों ने पहली पारी में 356 रन बनाए तो भारत 246 रनों पर सिमट गया. इससे न्यूजीलैंड को 110 रनों की लीड मिल गई और दूसरी पारी में उसने तीन विकेट पर 133 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी कर लिया है.
अब न्यूजीलैंड की टीम मैच के चौथे दिन सोमवार (30 नवंबर) को कम से कम 400 रनों तक अपनी लीड को पहुंचाना चाहेगी. इस परिस्थिति में भारत के लिए मैच जीतना काफी कठिन हो जाएगा. अगले दो दिन बादल छाए रहने का भी अनुमान है तो कीवी गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है. भारतीय बल्लेबाजों को स्विंग और तेजी का सामना करना पड़ेगा. ऐसे में हार का खतरा मंडरा रहा है.
न्यूजीलैंड में भारत का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड में चौथी पारी में भारत के सफलतम रन चेज की बात करें तो उसने कभी भी 200 से अधिक रनों का पीछा सफलतापूर्वक नहीं किया है. यहां तो मेजबानों के पास अभी ही 243 रनों की बढ़त है. इसका मतलब साफ है कि अगर टीम इंडिया को जीतना है तो उसे पुराने रिकॉर्ड को तोड़ना होगा. भारत ने साल 1968 में न्यूजीलैंड के ड्यूनेडिन में 200 रन के टारगेट को पांच विकेट पर हासिल कर लिया था. यह कीवी जमीन पर भारत का सबसे सफल चौथी पारी का रन चेज है. हालांकि, 200/5 न्यूजीलैंड में भारत का चौथी पारी में सबसे बड़ा रन चेज है, लेकिन वहां की धरती पर टीम का चौथी पारी में सबसे बड़ा टोटल 366 ऑल आउट (407 रन का पीछा करते हुए) है. यह उसने फरवरी 2014 में ऑकलैंड के ईडन पार्क में बनाया था. भारत 40 रन से मैच हार गया था.
ये भी पढ़ें: WTC का समीकरण: भारत क्राइस्टचर्च टेस्ट में हारा तो क्या होगा? शुभमन गिल-गौतम गंभीर को मिलेगा 'मिशन इम्पॉसिबल'
1968 में क्या हुआ था?
ड्यूनेडिन टेस्ट में भारत के सामने न्यूजीलैंड ने 200 रनों का लक्ष्य रखा था. अजीत वाडेकर के 71 और रुसी सुर्ती के 44 रनों की बदलौत टीम इंडिया ने 74.4 ओवरों में इस लक्ष्य को पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. गेंदबाजी में इरापल्ली प्रसन्ना ने 94 रन देकर 6 और सैयद आबिद अली ने 26 रन देकर चार विकेट लिए थे. मैच में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 350 और दूसरी पारी में 208 रन बनाए थे. भारत ने पहली पारी में 359 रन बनाए थे.