ICC World Cup 2027 Schedule: भारत के ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान, किससे कब खेलेगी टीम इंडिया? यहां देखें फुल शेड्यूल
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी हो गया है. टीम इंडिया अगले साल 7 अक्टूबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगी. उसका पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा. इसके बाद टीम इंडिया पाकिस्तान से खेलेगी.
ICC World Cup 2027 Schedule: अगले साल बाद होने वाले आईसीसी पुरुष वर्ल्ड कप 2027 का बिगुल बज चुका है. गुरुवार, (01 अक्टूबर) को ICC ने मेगा इवेंट के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है. 50-ओवर विश्व कप 2027 का आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा. आईसीसी ने जो शेड्यूल जारी किया है उसके मुताबिक, टूर्नामेंट का आगाज 2 अक्टूबर, 2027 को होगा, जबकि फाइनल 21 नवंबर को खेला जाएगा. कुल 57 मुकाबले 12 मैदानों पर खेले जाएंगे. साउथ अफ्रीका के 8, जिम्बाब्वे के 3 और नामीबिया के एक ग्राउंड पर ये मुकाबले खेले जाएंगे.
भारत को ग्रुप ए में रखा गया है. उसके साथ अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया,पाकिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-1 टीम है. दूसरी ओर, ग्रुप बी में बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और क्वालिफायर-2 टीम है. टीम इंडिया 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इसके बाद 10 तारीख को पाकिस्तान से जोहान्सबर्ग में मैच होगा.
वर्ल्ड कप 2027 में भारत का शेड्यूल
7 अक्टूबर- भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया- केपटाउन
10 अक्टूबर- भारत बनाम पाकिस्तान- जोहान्सबर्ग
14 अक्टूबर- भारत बनाम अफगानिस्तान- त्शवाने
17 अक्टूबर- भारत बनाम क्वालिफायर ए- ब्लोएमफोंटेन
24 अक्टूबर- भारत बनाम जिम्बाब्वे- विक्टोरिया फॉल्स
17 नवंबर- सेमीफाइनल 1- केपटाउन
18 नवंबर- सेमीफाइनल- 2- त्शवाने
21 नवंबर- फाइनल- जोहान्सबर्ग
वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट अलग और नया होगा, जिसमें नॉकआउट से पहले तीन स्टेज होंगे. टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 को विंडहोक में 'सुपर सीरीज' के साथ होगी. यह तीन टीमों का एक स्टेज होगा जिससे ग्रुप स्टेज की आखिरी टीम तय होगी. बाकी 12 टीमों को छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनमें से सबसे अच्छी सात टीमें 'सुपर 7' फेज में पहुंचेंगी. टॉप चार टीमें सेमी-फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी और फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा.
2003 में क्या हुआ था?
वैसे तो आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 की मेजबानी जिम्बाब्वे और नामीबिया भी कर रहा है, लेकिन ज्यादातर मुकाबले साउथ अफ्रीका में खेले जाएंगे. पिछली बार 2003 में इस देश में 50-ओवर विश्व कप का आयोजन हुआ था. सौरव गांगुली की अगुआई में टीम इंडिया ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी. रिकी पोंटिंग की कप्तानी में कंगारू टीम विश्व चैंपियन बनी थी.
50 ओवर वर्ल्ड कप के विनर्स (1975-2023)
1975- वेस्टइंडीज
1979- वेस्टइंडीज
1983- भारत
1987- ऑस्ट्रेलिया
1992- पाकिस्तान
1996- श्रीलंका
1999- ऑस्ट्रेलिया
2003- ऑस्ट्रेलिया
2007- ऑस्ट्रेलिया
2011- भारत
2015- ऑस्ट्रेलिया
2019- इंग्लैंड
2023- ऑस्ट्रेलिया
वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक 13 संस्करण हुए हैं, जिसमें से 7 बार ऑस्ट्रेलियाई टीम खिताब जीतने में कामयाब रही है. वेस्टइंडीज और भारत के खाते में 2-2 ट्रॉफी है, जबकि पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड ने 1-1 बार खिताब जीता है.
वर्ल्ड कप में कैसा रहा भारत का प्रदर्शन?
वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ टीम इंडिया हमेशा ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जाती है, लेकिन अहम मुकाबले में 'मेन इन ब्लू' का सपना चकनाचूर हो जाता है. भारत ने अभी तक 2 बार (1983 और 2011) में खिताब पर कब्जा जमाया है, जबकि 3 बार सेमीफाइनल (1996, 2015, 2019) और 2 बार फाइनल (2003 और 2023) में दिल टूटा है. पिछले विश्व कप में भारत ने 10 लगातार मैचों में जीत दर्ज की थी, लेकिन अहमदाबाद में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. शुभमन गिल की अगुआई में टीम इंडिया तीसरी बार ट्रॉफी जीतने की पूरी कोशिश करेगी. भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को हराने की चुनौती होगी.
वर्ल्ड कप 2027 क्यों होगा अलग?
वर्ल्ड कप का 2027 पिछले एडिशन से काफी अलग होगा. सबसे पहले, इस बार टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 14 हो जाएगी. साथ ही, सिंगल-लीग फॉर्मेट खत्म हो जाएगा. एक शुरुआती 'सुपर सीरीज़' होगी जिससे कॉम्पिटिटर्स की संख्या घटकर 12 रह जाएगी, इसके बाद छह-छह टीमों के दो ग्रुप होंगे और फिर 'सुपर 7' राउंड होगा. 'सुपर 7' से चार टीमें सेमी-फाइनल में पहुंचेंगी. यह फॉर्मेट काफी कड़ा है और ऐसा लगता है कि इसे कई राउंड में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को इनाम देने के लिए डिजाइन किया गया है.
वर्ल्ड कप 2027 में ये टीमें कर चुके हैं क्वालिफाई
मेजबान देश दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे पहले ही 'फुल मेंबर मेजबान' के तौर पर टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं. हालांकि, नामीबिया भी एक मेजबान है, लेकिन उसे अपने-आप क्वालिफिकेशन नहीं मिलता क्योंकि वह एक 'एसोसिएट देश' है. इन दो मेजबान देशों के अलावा, भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश भी हैं, जिन्होंने ODI रैंकिंग के जरिए क्वालिफाई किया है. बाकी चार टीमों का फैसला वर्ल्ड कप 2027 क्वालिफायर के जरिए किया जाएगा.