SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

IND vs NZ: 70 रन पर आधी टीम आउट, फिर निकोल्स-फिलिप्स ने मचाई तबाही, भारत के खिलाफ बना डाला ऐतिहासिक रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन 70 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने 173 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला. इस दौरान दोनों ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बना दिया.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 19, 2026, 15:11 IST | Updated: Nov 19, 2026, 15:25 IST
Image Credit: Henry Nicholls and Glenn Phillips
Join

भारत के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की टीम एक समय पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रही थी. महज 70 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान टीम पर शिकंजा कस दिया था, लेकिन इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने ऐसी बल्लेबाजी की कि टीम इंडिया विकेटों के लिए तरस गई. दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए नाबाद 173 रन जोड़कर न सिर्फ न्यूजीलैंड को संकट से निकाला, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में जारी पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 82 ओवर में 243/5 रन बना लिए थे. लंच के बाद इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों को 50 ओवर से ज्यादा समय तक कोई सफलता नहीं मिलने दी. गुरुवार को हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के बीच हुई 173 रनों की यह साझेदारी, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के किसी मैच में न्यूजीलैंड की ओर से छठे या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है.

निकोल्स-फिलिप्स ने मचाई तबाही

हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने दिसंबर 2022 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ सातवें विकेट के लिए ईश सोढ़ी और केन विलियमसन के बीच हुई 159 रनों की साझेदारी का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया. भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में, छठे या उससे निचले विकेट के लिए न्यूजीलैंड की ओर से यह चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है.

न्यूजीलैंड के लिए छठे या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप

न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट मैचों में छठे या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बीजे वॉटलिंग और केन विलियमसन के नाम है. इस जोड़ी ने जनवरी 2015 में वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में श्रीलंका के खिलाफ छठे विकेट के लिए 365 रन जोड़े थे. बेसिन रिजर्व में भारत के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में, हेनरी निकोल्स ने 188 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया. इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 70वें ओवर की दूसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना पांचवां टेस्ट शतक पूरा किया.

हेनरी निकोल्स ने बेसिन रिजर्व में 1000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाए

हेनरी निकोल्स बेसिन रिजर्व में 1000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले दुनिया के छठे खिलाड़ी हैं. इसके साथ ही, उन्होंने इस मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है. उनसे पहले, मार्टिन क्रो और केन विलियमसन ने भी बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड के लिए पांच-पांच टेस्ट शतक लगाए थे. न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले केन विलियमसन ने 2011 से 2025 के बीच बेसिन रिजर्व में 18 टेस्ट खेले और पांच शतक जड़े. पूर्व कीवी कप्तान मार्टिन क्रो ने भी बेसिन रिजर्व में 10 टेस्ट खेलकर अपने टेस्ट करियर का समापन पांच शतकों के साथ किया था.

एक मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड के लिए किसी एक मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम है. केन विलियमसन ने हेमिल्टन के सिडॉन पार्क में 12 टेस्ट खेले और सात शतक लगाए. उनके बाद रॉस टेलर का नंबर आता है, जिन्होंने सिडॉन पार्क में 13 टेस्ट खेलकर छह शतक लगाए. किसी एक मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने के नाम दर्ज है. महेला जयवर्धने ने कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर श्रीलंका के लिए 27 टेस्ट खेले और 11 शतक बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES