भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में 92 रनों से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. मुकाबले में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बल्ले से तबाही मचा दी. उन्होंने 41 गेंदों पर नाबाद 91 रन ठोके. उन्होंने 10 चौके और छह छक्के लगाए. मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड के लिए जब हरमन को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया तो वह काफी इमोशनल हो गईं और माइक पटक दिया.
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने के बाद अपना पहला अर्धशतक लगाया. 37 वर्षीय इस दिग्गज बल्लेबाज ने 221.95 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनकी पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 216 रन बनाए. हरमन के अलावा शेफाली वर्मा ने 37 गेंद पर 69 रनों की पारी खेली. शेफाली ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए. जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना सकी.
हरमनप्रीत ने क्या कहा?
प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद हरमनप्रीत कौर ने इस पारी का क्रेडिट अपने कोच हिमांशु और भारतीय टीम के पूर्व कोच डब्ल्यू वी रमन को दिया. हरमन ने कहा, ''बहुत अच्छा लग रहा है. बस खुद का मजा लेना चाहती थी. बहुत अच्छा है कि मुझे मैदान पर कुछ समय मिला और मैंने सच में मैदान का मजा लिया. बस खुद का मजा लेना चाहती थी, बस जितना हो सके उतनी देर तक बैटिंग करना चाहती थी और खुशी है कि मैं ऐसा कर पाई.''
डब्ल्यू वी रमन ही हरमन का इंटरव्यू ले रहे थे. पूर्व कप्तान ने कहा, '' मुझे लगता है कि आपको भी क्रेडिट देना चाहिए (WV रमन). जैसे ही हम आए, आप आगे आए और कहा, 'अब तुम वही करो जो तुम करना चाहते हो,' और मैं वही करना चाहती हूं और सच में खुद का मजा लेना चाहती हूं. उन शब्दों के लिए धन्यवाद. खैर, दो गेम के बाद मुझे नेट्स में कुछ समय मिला. मैं सच में हिमांशु भैया को धन्यवाद देना चाहती हूं, जो मुझ पर बहुत मेहनत कर रहे हैं और आज की बैटिंग पूरी तरह उन्हीं के बारे में थी.'' इतना सब कहने के बाद हरमन भावुक हो गईं और माइक पटककर वहां से निकल गईं.
Oh man, seeing Harman sob like this breaks my heart. 💔 I’m so emotional right now. I just hope the world is kinder to you going forward, Harman, and whoever did you dirty gets it all back. You deserve better. 🥺❤️ https://t.co/fBI0s5zpMN
— Mi (@Mi3000qd) October 20, 2026
हरमन ने छोड़ी थी कप्तानी
इस महीने की शुरुआत में हरमनप्रीत ने घोषणा की थी कि वह अब तीनों फॉर्मेट में कप्तानी नहीं करेंगी. उन्होंने 10 सालों तक टी20 इंटरनेशनल में टीम की कमान संभाली. 2022 में मिताली राज के संन्यास लेने के बाद वह वनडे और टेस्ट की कप्तान भी बन गई थीं. हरमन के इस्तीफे के बाद ओपनर स्मृति मंधाना को कप्तानी सौंपी गई. पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर मंधाना की ये पहली सीरीज थी और टीम इंडिया ने 3-0 से इसे अपने नाम किया.