SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एक ही सीरीज में 116 छक्के: सॉल्ट और अभिषेक से आगे निकले ग्लेन फिलिप्स, भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में बने 5 रिकॉर्ड

भारत ने पांच टी20 मैचों की सीरीज में न्यूजीलैंड को 3-2 से हरा दिया. पांचवें और आखिरी मैच में कीवी टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की. भारत ने पहले तीन मैचों को अपने नाम किया था. अंतिम दो मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 01, 2026, 08:03 PM IST | Updated: Nov 01, 2026, 08:16 PM IST
Image Credit: भारत बनाम न्यूजीलैंड. X/@BCCI/Blackcaps
Join

न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स 2026 में टीम इंडिया के लिए किसी 'काल' से कम नहीं रहे. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने हमेशा मौका मिलने पर टीम इंडिया के गेंदबाजों को परेशान किया है. हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए पांचवें मैच में कीवी टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 191 रन बनाए. जवाब में न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर मैच को जीत लिया.

ग्लेन फिलिप्स ने पांचवें मैच में 38 गेंद पर नाबाद 65 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए. फिलिप्स ने इस सीरीज के पांच मैचों में 341 रन बनाए. वह किसी भी एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिलिप सॉल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया. सॉल्ट ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 331 रन बनाए थे.

फिलिप्स ने तोड़ा अभिषेक का रिकॉर्ड

फिलिप्स ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है. वह किसी एक टीम के खिलाफ कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. फिलिप्स ने 2026 में भारत के खिलाफ 522 रन बनाए हैं. वहीं, अभिषेक ने इसी साल कीवी टीम के खिलाफ 431 रन ठोके हैं. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने 2026 में श्रीलंका के खिलाफ 398 रन बनाए थे.

116 छक्कों की बारिश

भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस सीरीज में 116 छक्के लगे हैं. यह पांचवीं बार है जब किसी एक सीरीज में 116 या उससे अधिक छक्के लगाए गए हैं. ऑस्ट्रिया और जर्मनी बीच 2006 सीरीज में 132 छक्के लगे थे. 2023 में इंग्लैंड के वेस्टइंडीज दौरे पर 120 और 2025 में ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे पर 117 छक्के लगे थे. इस साल न्यूजीलैंड के भारत दौरे और भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर 116-116 छक्के लगे हैं.

ये भी पढ़ें: भारत ने जीती सीरीज, महफिल लूट ले गए ग्लेन फिलिप्स, 341 रन के तूफान से बनाया T20I का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड का गजब रिकॉर्ड

भारत किसी एक टीम के खिलाफ एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला देश है. उसने इस साल कीवी टीम के खिलाफ 142 छक्के मारे हैं. वहीं, न्यूजीलैंड ने इसी साल भारत के खिलाफ 117 छक्के उड़ाए हैं. कंबोडिया ने 2025 में इंडोनेशिया के खिलाफ 111 छक्के मारे थे. भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस साल 11 मैचों में कुल 259 छक्के लगे हैं. इस तरह हर मैच में 23.5 सिक्स आए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES