App

17 छक्के, 21 चौके और 276 रन... ग्लेन फिलिप्स ने मचाई तबाही, खतरे में T20I का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ सीरीज में तबाही मचा रहे ग्लेन फिलिप्स का अगला लक्ष्य वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ना होगा. अब तक हुए 4 मैचों में उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से 276 रन बनाए हैं. आखिरी मैच में 56 रन बनाते ही वो इतिहास रच देंगे.

17 छक्के, 21 चौके और 276 रन... ग्लेन फिलिप्स ने मचाई तबाही, खतरे में T20I का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
Image Credit: नए वर्ल्ड रिकॉर्ड से 56 रन दूर ग्लेन फिलिप्स (AI Graphic)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार, 1 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा. सेडन पार्क में होने वाले इस मैच में स्टार कीवी बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स की नजर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर होगी. अब तक हुए 4 मैचों में एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से फिलिप्स ने 92.00 की औसत से 276 रन बनाए हैं. वो इस सीरीज में फिलहाल सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. दूसरे नंबर पर भारत के अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 4 मैचों में 49.00 की औसत से 196 रन बनाए हैं. नंबर-1 और नंबर-2 के बीच 80 रनों का अंतर है.

ऑकलैंड में खेले गए तीसरे मैच में भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए ग्लेन फिलिप्स ने 46 गेंदों पर अपने T20I करियर का तीसरा शतक ठोका. 49 गेंदों पर 107 रनों की तूफानी पारी के दौरान फिलिप्स ने 10 छक्के और 6 चौके जड़े. इसके साथ ही वो भारत के खिलाफ किसी 5 मैचों की टी20 सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. ग्लेन फिलिप्स ने वेस्टइंडीज के शाई होप को पीछे छोड़ा, जिन्होंने हाल ही में भारत के खिलाफ सीरीज में 261 रन बनाए थे.

भारत के खिलाफ T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन

ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड) - 4 पारियों में 276 रन, 2026
शाई होप (वेस्टइंडीज) - 4 पारियों में 261 रन, 2026
हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) - 4 पारियों में 229 रन, 2026
शेरफेन रदरफोर्ड - 4 पारियों में 221 रन, 2026
निकोलस पूरन (वेस्टइंडीज) - 3 पारियों में 184 रन, 2022

ग्लेन फिलिप्स की नजर वर्ल्ड रिकॉर्ड पर

भारत के खिलाफ सीरीज में 4 पारियों में 276 रन बना चुके ग्लेन फिलिप्स का अगला टारगेट वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने पर होगा. 5 मैचों की T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज फिल साल्ट के नाम है, जिन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों में 331 रन बनाए थे. फिलिप्स इस सूची में चौथे स्थान पर काबिज अपने हमवतन मार्क चैपमैन से भी आगे निकलना चाहेंगे, जिन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों में 290 रन बनाए थे.

द्विपक्षीय T20I सीरीज में सर्वाधिक रन

फिल साल्ट (इंग्लैंड) - 5 मैचों में 331 रन, 2023
मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान) - 6 मैचों में 316 रन, 2022
साहिल चौहान (एस्टोनिया) - 6 मैचों में 297 रन, 2024
मार्क चैपमैन (न्यूजीलैंड) - 5 मैचों में 290 रन, 2023
बाबर आजम (पाकिस्तान) - 7 मैचों में 285 रन, 2022

'फुल मेंबर' टीम के किसी खिलाड़ी द्वारा T20I के किसी इवेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान के नाम है. ICC पुरुष T20 विश्व कप के 2026 में, फरहान ने पाकिस्तान के लिए 7 मैच खेले और छह पारियों में 385 रन बनाए. इस मामले में उन्होंने भारत के पूर्व T20I खिलाड़ी विराट कोहली को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2014 टी20 विश्व कप में 319 रन बनाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More