SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गौतम गंभीर की कोचिंग में विदेशी जमीन पर पहली सीरीज जीत, 7 साल और 11 सीरीज के बाद घर में हारा न्यूजीलैंड

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया है. उसने पांचवें वनडे में 22 रनों से जीत हासिल की. इसके साथ सीरीज में वह 3-1 से विजयी रही. तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 15, 2026, 16:04 IST | Updated: Nov 15, 2026, 16:26 IST
Image Credit: भारत बनाम न्यूजीलैंड. BCCI
Join

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज को जीत लिया है. उसने माउंट माउंगानई (तउरंगा) में रविवार (15 नवंबर) को खेले गए सीरीज के अंतिम मैच में 22 रनों से जीत हासिल की. टीम इंडिया पहले दो मैचों में आसानी से जीती थी और तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. इसके बाद चौथे मुकाबले में 89 रनों पर आउट होकर 244 रनों से हार गई थी. अब पांचवें वनडे में उसने वापसी करते हुए मेजबान टीम को परास्त कर दिया. इसके साथ ही गौतम गंभीर को विदेशी मैदान पर पहली बार बतौर कोच पहली वनडे सीरीज जीती मिल गई.

2024 में आईपीएल के बाद गंभीर के कोच बनने के बाद से भारतीय टीम श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में तीन सीरीज खेली थी. उसे तीनों में शिकस्त मिली थी. लंकाई टीम ने 2024 में अपने घर में तीन मैचों की सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया था. यह गंभीर की बतौर कोच पहली सीरीज भी थी. 2025 में ऑस्ट्रेलिया में तीन मैचों की सीरीज में ही 1-2 और इंग्लैंड में इतने ही मुकाबलों में 1-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था.

 

 

गंभीर की कोचिंग में भारत का प्रदर्शन

गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम अब तक कुल नौ वनडे सीरीज खेली है. इस दौरान टीम इंडिया को पांच सीरीज में जीत मिली है और चार में विपक्षी टीम ने सफलता हासिल की. इन चार में एक सीरीज में भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर हारी थी. न्यूजीलैंड ने इसी साल भारत दौरे पर तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया था. टीम इंडिया ने उस हार का बदला भी ले लिया.

कीवियों का विजयी रथ थमा

गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के विजयी रथ को थाम लिया है. कीवी टीम अपने घर में पिछले सात साल से एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं हार रही थी. उसने इस दौरान 11 सीरीज में सफलता हासिल की थी. भारतीय टीम ने उस क्रम को तोड़ दिया है. संयोग से टीम इंडिया ने ही 2019 में उसे 4-1 से हराया था. बता दें कि इसी न्यूजीलैंड की टीम ने 2024 में भारत दौरे पर टीम इंडिया को कुछ ऐसा ही जख्म दिया था. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत अपने घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज हार गया था. 12 साल में ऐसा पहली बार हुआ था और टीम इंडिया ने घर में तब लगातार 18 सीरीज पर कब्जा किया था. हालांकि, टेस्ट और वनडे की तुलना नहीं हो सकती है, लेकिन भारत को आज मिली जीत ने कीवियों को उसी तरह के दुख से गुजरने पर बाधित कर दिया.

ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव का देसी अंदाज वायरल: पहले 21 गेंदों में कूटे 60 रन, फिर सरफराज खान के साथ जमीन पर बैठकर खाई मटन करी

घर में लगातार सबसे ज्यादा वनडे द्विपक्षीय सीरीज जीत
17 - साउथ अफ्रीका (2002-2009)
11 - न्यूजीलैंड (2019-2025) - क्रम टूटा
9 - इंग्लैंड (2016-2020)
9 - वेस्टइंडीज (1981-1990)
8 - साउथ अफ्रीका (2013-2017)
8 - न्यूजीलैंड (2015-2017)
8 - श्रीलंका (2023-2025)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES