App

ZEE News Exclusive: ट्रॉफी छीनी, जख्मों पर नमक छिड़का! पाकिस्तानी अंपायर का शर्मनाक जश्न, भारतीय क्रिकेटर ने खोला फाइनल मैच का पूरा कच्चा-चिट्ठा

'जब अंपायरों ने बारिश के कारण मैच रद्द करने का फैसला लिया तो उन्होंने हमें बताया कि नेट रनरेट की वजह से हम पाकिस्तान को विनर घोषित कर रहे हैं. इस फैसले से हम सभी भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी हैरान रह गए.'

ZEE News Exclusive: ट्रॉफी छीनी, जख्मों पर नमक छिड़का! पाकिस्तानी अंपायर का शर्मनाक जश्न, भारतीय क्रिकेटर ने खोला फाइनल मैच का पूरा कच्चा-चिट्ठा
Image Credit: Indian Blind Cricket Team All rounder Deepak Malik

भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर दीपक मलिक ने हाल ही में ढाका में हुए ब्लाइंड एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को विनर घोषित किए जाने पर सवाल उठाए हैं. दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच ब्लाइंड एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच बारिश के कारण एक भी बॉल फेंके बिना ही रद्द करना पड़ा था. इसके बाद पाकिस्तान की टीम को नेट रनरेट के आधार पर ब्लाइंड एशिया कप 2026 का विजेता घोषित कर दिया गया. ऑलराउंडर दीपक मलिक ने इस फैसले को नाइंसाफी बताते हुए विनर तय करने के लिए नेट रन रेट के इस्तेमाल पर सवाल उठाया और कहा कि भारतीय टीम इस घोषणा से हैरान रह गई. 

दीपक मलिक ने ZEE NEWS के साथ Exclusive बातचीत में ब्लाइंड एशिया कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान पाकिस्तान की चाल का पर्दाफाश किया है. दीपक मलिक के मुताबिक वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (PBCC) के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने अपने पद और ताकत का गलत इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान को अनुचित तरीके से फायदा पहुंचाया और एशिया कप का विजेता घोषित कर दिया. दीपक मलिक ने सुल्तान शाह पर नियमों को तोड़कर फाइनल में भारत के साथ बेईमानी करने का आरोप लगाया है.

भारतीय क्रिकेटर ने खोला फाइनल मैच का पूरा कच्चा-चिट्ठा

दरअसल, वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) के प्रेसिडेंट और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के चीफ सुल्तान शाह ने WBCC टेक्निकल कमेटी के उस फैसले को पलट दिया. जिसमें भारत और पाकिस्तान को जॉइंट विनर घोषित किया गया था, जिसके बाद पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया. वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) की टेक्निकल कमेटी में पाकिस्तान के ताहिर भट डायरेक्टर के पद पर, भारत के रजनीश हेनरी महासचिव के पद पर और ऑस्ट्रेलिया के रेमंड मॉक्सली ग्लोबल डेवलेपमेंट डायरेक्टर के पद पर काबिज हैं. 

सुल्तान शाह और ताहिर भट ने रची साजिश

जब भारत और पाकिस्तान के बीच ब्लाइंड एशिया कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल बारिश के कारण धुल गया तो टेक्निकल कमेटी ने इस मामले पर चर्चा की. भारत के रजनीश हेनरी और ऑस्ट्रेलिया के रेमंड मॉक्सली इस बात के पक्ष में थे कि दोनों टीमें ट्रॉफी शेयर कर लें, लेकिन वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट (PBCC) काउंसिल के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने इस फैसले को खारिज कर दिया. दीपक मलिक के मुताबिक सुल्तान शाह और टेक्निकल कमेटी के डायरेक्टर ताहिर भट ने मिलकर दोनों टीमों के ट्रॉफी शेयर करने वाले फैसले को खारिज कर दिया और पाकिस्तान को नेट रन रेट के आधार पर विजेता घोषित कर दिया. 

सुल्तान शाह और ताहिर भट ने पद का गलत इस्तेमाल

दीपक मलिक ने ZEE NEWS से कहा, 'हमने इस टूर्नामेंट के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन सुल्तान शाह और ताहिर भट ने मिलकर एक झटके में हमारी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया. सुल्तान शाह और ताहिर भट ने अपने-अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए भारतीय टीम को डिमोटिवेट करने और पूरे एशिया कप को खराब करने का काम किया है. ताहिर भट ने मैच रेफरी और अंपायरों को अपनी साजिश का हिस्सा बनाया और उन पर अपने कहे अनुसार ही काम करने का दबाव बनाया. इस एशिया कप को खराब करने के पीछे सुल्तान शाह और ताहिर भट का बड़ा रोल रहा है.'

ट्रॉफी शेयर वाले फैसले पर रोक लगाई गई

दीपक मलिक ने कहा, 'बारिश के कारण जब मैच धुला तो ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) की टेक्निकल कमेटी के डायरेक्टर ताहिर भट ने वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट (PBCC) काउंसिल के अध्यक्ष सुल्तान शाह को यह सुझाव दिया कि दोनों टीमों के ट्रॉफी शेयर वाले फैसले पर रोक लगाई जाए और पाकिस्तान को नेट रन रेट के आधार पर विजेता घोषित किया जाए.'

टूर्नामेंट से पहले रनरेट वाला नियम नहीं बताया गया

दीपक मलिक ने कहा, 'पाकिस्तान की टीम मैच खेलकर तो हमसे नहीं जीत सकती थी, इसलिए सुल्तान शाह और ताहिर भट ने बारिश के मौके का पूरा फायदा उठाया. सुल्तान शाह और ताहिर भट का मकसद किसी न किसी तरीके से पाकिस्तान को एशिया कप का चैंपियन बनाना था, चाहे इसके लिए उन्हें बेईमानी ही क्यों न करनी पड़े. अंत में उन्होंने अपनी चाल चलते हुए पाकिस्तान को नेट रन रेट के आधार पर विजेता घोषित कर दिया. टूर्नामेंट से पहले टीम ब्रीफिंग और सभी देशों के कप्तानों की मीटिंग में यह बिल्कुल भी नहीं बताया गया कि फाइनल मैच में अगर बारिश हुई तो विजेता का फैसला नेट रनरेट के आधार पर किया जाएगा और ट्रॉफी शेयर नहीं होगी.'

पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया

दीपक मलिक ने कहा, 'अगर यह नियम हमें पहले बताया गया होता तो हम टूर्नामेंट में प्लानिंग उसी अनुसार करते और बांग्लादेश व श्रीलंका के खिलाफ मैचों में बड़े अंतर के साथ जीत दर्ज करते, जिससे फाइनल में हमें नेट रन रेट की कोई समस्या नहीं होती. जब अंपायरों ने बारिश के कारण मैच रद्द करने का फैसला लिया तो उन्होंने हमें बताया कि नेट रनरेट की वजह से हम पाकिस्तान को विनर घोषित कर रहे हैं. इस फैसले से हम सभी भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी हैरान रह गए.'

पाकिस्तानी अंपायर का जश्न शर्मनाक

दीपक मलिक ने कहा, 'हमें लगा कि यह हमारे साथ नाइंसाफी है. जब वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) में नियम होते हैं, तो आपको उनका पालन करना होता है और यह भी पक्का करना होता है कि सही बातचीत हो, लेकिन हमारे खिलाफ साजिश रची गई.' दीपक मलिक ने पाकिस्तानी अंपायर सलीम मुश्ताक के ऊपर भी आरोप लगाए कि उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान टीम इंडिया के मैचों में भारतीय खिलाड़ियों को डिस्टर्ब करने का काम किया है. सलीम मुश्ताक वही पाकिस्तानी अंपायर हैं, जिन्होंने पाकिस्तानी ब्लाइंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के साथ ट्रॉफी सेरेमनी में जश्न मनाया था और प्लेन क्रैश का इशारा करते हुए भारत को चिढ़ाया था.  

पाकिस्तान ने घटिया हथकंडा अपनाया

दीपक मलिक ने कहा, 'पाकिस्तानी अंपायर सलीम मुश्ताक ने पाकिस्तानी टीम के साथ प्लेन क्रैश का जश्न मनाया, जिससे मुझे और मेरे साथी खिलाड़ियों को काफी बुरा लगा. एक अंपायर को हमेशा निष्पक्ष रहना चाहिए और उसे कभी भी किसी भी टीम के साथ जश्न मनाते हुए नहीं देखा जाना चाहिए. पाकिस्तान ने खुद को जबरदस्ती टूर्नामेंट का विजेता घोषित कर दिया. पाकिस्तान की यह हरकत बेहद शर्मनाक है. वे मैदान पर हमसे नहीं जीत पाते, इसलिए ऐसा हथकंडा अपनाया है.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More