SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बाज की नजर और चीते की चाल... ध्रुव जुरेल ने पकड़ा अद्भुत कैच, मैदान पर किसी को नहीं हुआ यकीन! VIDEO वायरल

वेलिंगटन में चल रहे टेस्ट के चौथे दिन ध्रुव जुरेल ने शॉट लेग की दिशा में अद्भुत कैच पकड़ा. उनके इस कमाल से पहले पारी के शतकवीर हेनरी निकोल्स पवेलियन लौट गए. शॉट लेग पर फील्डिंग करते हुए जुरेल ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर एक हाथ से शानदार कैच लपका.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 22, 2026, 10:34 IST | Updated: Nov 22, 2026, 10:48 IST
Image Credit: शॉट लेग पर ध्रुव जुरेल ने पकड़ा अद्भुत कैच (Screengrabs/Sonyliv/X)
Join

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट जारी है. चौथे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी गेंदबाजों की जमकर कुटाई की और स्कोरबोर्ड पर 420 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बाद पारी घोषित करने का फैसला किया. बल्ले से 78 रन बनाने के बाद ध्रुव जुरेल ने फील्डिंग में भी कमाल किया और शॉट लेग की दिशा में हैरतअंगेज कैच पकड़कर महफिल लूट ली.

ध्रुव जुरेल का ये अद्भुत कैच टर्निंग पॉइंट भी साबित हो सकता है, क्योंकि उनके इस कमाल से पहले पारी के शतकवीर हेनरी निकोल्स पवेलियन लौट गए. शॉट लेग पर फील्डिंग करते हुए जुरेल ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर एक हाथ से शानदार कैच लपका. पहली इनिंग में 175 रन बनाने वाले निकोल्स दूसरी पारी में 31 रन बनाकर आउट हो गए.

शॉट लेग पर जुरेल का अद्भुत कैच

शॉट लेग पर फील्डिंग करना बेहद मुश्किल काम माना जाता है, लेकिन ध्रुव जुरेल के लिए मानो ये बाएं हाथ का खेल हो. उनके इस प्रयास में बाज की नजर और चीते की चाल, दोनों देखने को मिली. प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद को लेग साइड में फ्लिक करने के चक्कर में निकोल्स फंस गए. गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और फिर पास खड़े फील्डर ध्रुव जुरेल ने शानदार काम किया.

गेंद जुरेल से दूर थी और आगे की तरफ गिर रही थी. हेलमेट और पैड पहनने के बावजूद जुरेल ने चीते की तरह फुर्ती दिखाई और आगे की तरफ डाइव लगाते हुए एक हाथ से हैरतअंगेज कैच पकड़ा. उनके इस प्रयास को देखकर पूर्व भारतीय महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी खुश हो गए और उनके लिए स्पेशल पोस्ट किया.

अश्विन भी हुए जुरेल के मुरीद

टेस्ट क्रिकेट में 537 विकेट लेने वाले अश्विन ने अपने X (एक्स) अकाउंट पर लिखा, ''ध्रुव जुरेल का शानदार कैच. इससे फिर साबित होता है कि क्लोज-इन फील्डिंग के विशेषज्ञ कितने अहम होते हैं. उम्मीद है कि ध्रुव टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक यह भूमिका निभाते रहेंगे.''

720 रन खड़ा कर भारत ने रचा इतिहास

वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के शतक के दम पर कीवी टीम ने 368 रन बनाए. इसके जवाब में भारत ने इतिहास रच दिया. टीम इंडिया ने पहली पारी में 720 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. न्यूजीलैंड की धरती पर ये टेस्ट की किसी एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर है. वहीं, भारत का ये तीसरा सबसे बड़ा टोटल है. केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक, जबकि यशस्वी जायसवाल  ने 85, देवदत्त पडिक्कल ने 80 और कप्तान शुभमन गिल ने 98 रनों का योगदान दिया. शानदार कैच लेने वाले ध्रुव जुरेल ने भी 78 रनों की कीमती पारी खेली.

ये भी पढ़ें: बुमराह ने कीवी कप्तान को किया शर्मसार, 4 गेंद में 2 बार किया शिकार, 19 साल बाद मैदान पर दिखा ऐसा नजारा
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES