SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

27 साल पहले करगिल में जंग लड़ रहे थे पिता, आज न्यूजीलैंड में बेटे की बल्लेबाजी देख हुए भावुक, आंखों में छलका गर्व

करगिल युद्ध में शहादत की आशंका के बीच परिवार को चिट्ठी लिखने वाले नेम चंद आज न्यूजीलैंड में बेटे ध्रुव जुरेल की बल्लेबाजी देखकर भावुक हो गए.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 29, 2026, 13:49 IST | Updated: Nov 29, 2026, 14:42 IST
Image Credit: Dhruv Jurel And His Father Nem Chand
Join

जिस पिता ने कभी देश की रक्षा करते हुए युद्ध के मैदान से अपने परिवार को यह सोचकर चिट्ठी लिखी थी कि शायद अब वह कभी घर वापस नहीं लौट पाएंगे, आज उसी पिता की आंखों में अपने बेटे के लिए गर्व और खुशी दिखाई दे रही थी. कभी करगिल के युद्ध में अपनी जिंदगी दांव पर लगाने वाले नेम चंद अब न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में अपने बेटे ध्रुव जुरेल की बल्लेबाजी का आनंद ले रहे थे. बेटे का शतक पूरा होने वाला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. ध्रुव जुरेल 88 रन बनाकर आउट हो गए. शतक भले ही अधूरा रह गया, लेकिन पिता के लिए यह पल किसी बड़ी जीत से कम नहीं था.

करीब 27 साल पहले करगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना में तैनात नेम चंद को भी इस बात का डर था कि शायद वह दोबारा अपने परिवार के पास नहीं लौट पाएंगे. ऐसे मुश्किल समय में उन्होंने घर पर एक चिट्ठी लिखी थी. नेम चंद के मुताबिक उन्होंने चिट्ठी में लिख दिया था कि पैसे का सदुपयोग करना और ठीक से रहना. यानी उन्होंने अपने परिवार को समझाया था कि अगर वह वापस नहीं लौटे तो घर में मौजूद पैसों का सही इस्तेमाल करना और अपना ध्यान रखना. हालांकि, किस्मत ने उनका साथ दिया और वह भारतीय सेना की 8वीं जाट रेजिमेंट में अपनी सेवाएं पूरी करने के बाद सुरक्षित घर लौट आए.

कभी करगिल में जंग लड़ रहे थे पिता

27 साल बाद जिंदगी ने नेम चंद को एक बिल्कुल अलग मैदान में लाकर खड़ा कर दिया. इस बार उनके सामने युद्ध का मैदान नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड का हेगले ओवल मैदान था. रविवार को वह अपने बेटे ध्रुव जुरेल को टेस्ट क्रिकेट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए देख रहे थे. ध्रुव जुरेल तेजी से अपने तीसरे टेस्ट शतक की ओर बढ़ रहे थे. जब ध्रुव जुरेल 88 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब नेम चंद ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान थोड़ा टहलने के लिए उठे, लेकिन उन्हें कहां पता था कि ब्रेक के बाद आने वाली पहली ही गेंद उनके बेटे की शानदार पारी का अंत कर देगी.

आज न्यूजीलैंड में बेटे की बल्लेबाजी देख हुए भावुक

ध्रुव जुरेल आउट हुए तो पूरे स्टेडियम में तालियां गूंज उठीं. हालांकि, पिता नेम चंद के लिए यह वह पल नहीं था, जिसकी उम्मीद वह कर रहे थे. उन्होंने पानी का गिलास उठाया और अपनी निराशा को संभाल लिया. बेटे के शतक से चूकने का दुख जरूर था, लेकिन उसकी बल्लेबाजी देखकर वह बेहद खुश थे. ध्रुव जुरेल की शानदार पारी खत्म होने के बाद जब उनके पिता नेम चंद से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेहद सादगी से जवाब दिया.  ध्रुव जुरेल के पिता ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'बहुत अच्छा खेला, ये सब तो चलता है क्रिकेट में.' 

ध्रुव जुरेल के परिवार की पहली विदेश यात्रा

दरअसल, ध्रुव जुरेल ने भारतीय टीम के लिए कई बार निचले क्रम के बल्लेबाजी करते हुए मुश्किल परिस्थितियों में अहम रन बनाए थे. उनकी पारी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. ध्रुव जुरेल के पिता नेम चंद और शुभमन गिल के पिता लखविंदर गिल साथ बैठे हुए थे. उनके साथ भारतीय टीम के चयनकर्ता आरपी सिंह भी मौजूद थे. ध्रुव जुरेल की इस पारी को देखने के लिए उनके माता-पिता खास तौर पर भारत से न्यूजीलैंड पहुंचे थे. दिलचस्प बात यह है कि नेम चंद और उनकी पत्नी रजनी दोनों की यह पहली विदेश यात्रा थी.

ध्रुव जुरेल के पिता की आंखों में छलका गर्व

ध्रुव के पिता ने बताया कि साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में हुए टेस्ट डेब्यू के दौरान वह अपने बेटे को मैदान पर खेलते हुए नहीं देख पाए थे. उस समय घर में शादी थी और परिवार उस कार्यक्रम को छोड़ना नहीं चाहता था. नेम चंद ने कहा, 'ध्रुव ने हमें इस मैच के लिए आने को कहा था और हम आ गए. यह मेरी और उसकी मां की पहली विदेश यात्रा है. हम राजकोट में उसका टेस्ट डेब्यू देखने नहीं जा सके थे, क्योंकि घर में शादी थी. हम उस कार्यक्रम को छोड़ना नहीं चाहते थे.'

माता-पिता स्टैंड से ध्रुव जुरेल का बढ़ा रहे थे हौसला 

ध्रुव जुरेल के पिता ने कहा, 'मैं न तो ज्यादा पूछता हूं और न ही ज्यादा कुछ कहता हूं. अब सब उसी पर निर्भर है कि वह हमें कहां ले जाना चाहता है या हमें क्या दिखाना चाहता है. शायद मैच के बाद हम कुछ जगहें घूमने जाएं, लेकिन अभी तो हम मैच का मजा ले रहे हैं. न्यूजीलैंड के बारे में अब तक जो भी देखा है, वह बहुत अच्छा लगा.' ध्रुव जुरेल भी एक शानदार और संघर्षपूर्ण पारी खेलने के बाद काफी खुश थे, जबकि उनके माता-पिता स्टैंड से उनका हौसला बढ़ा रहे थे. तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद ध्रुव जुरेल ने पत्रकारों से कहा, 'SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में रन बनाना और खेलना हमेशा से एक सपना रहा है. मेरे माता-पिता भारत से इतनी दूर चलकर आए हैं. यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी. उनके सामने रन बनाना बहुत अच्छा लगा.' 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES