App

IND vs NZ: ध्रुव जुरेल ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़कर बनाया प्रचंड रिकॉर्ड, धोनी के एलीट क्लब में हुई एंट्री

ध्रुव जुरेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अर्धशतक लगाकर इतिहास रच दिया है. वह महेंद्र सिंह धोनी और किरण मोरे के खास क्लब में शामिल हो गए हैं.

IND vs NZ: ध्रुव जुरेल ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़कर बनाया प्रचंड रिकॉर्ड, धोनी के एलीट क्लब में हुई एंट्री
Image Credit: Dhruv Jurel

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने धमाकेदार अंदाज में अर्धशतक जड़ दिया. बेसिन रिजर्व में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में 78 रन बनाने वाले ध्रुव जुरेल ने रविवार को दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 102 गेंदों में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया. इस पारी के साथ ही ध्रुव जुरेल न्यूजीलैंड में भारत की ओर से नंबर 7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए एक से ज्यादा टेस्ट अर्धशतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं.

न्यूजीलैंड की धरती पर अब तक खेली गई दो टेस्ट पारियों में दो अर्धशतक जड़ चुके ध्रुव जुरेल से पहले यह कारनामा केवल किरण मोरे और महेंद्र सिंह धोनी ही कर पाए थे. दोनों ही खिलाड़ियों ने लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में कई बार पचास से अधिक रन बनाए हैं. किरण मोरे ने 1990 के न्यूजीलैंड दौरे के दौरान दो अर्धशतक जड़े थे. 

ध्रुव जुरेल ने रचा इतिहास

वहीं, महेंद्र सिंह धोनी ने अप्रैल 2009 में बेसिन रिजर्व टेस्ट में नंबर 7 पर बल्लेबाजी करते हुए दो अर्धशतक लगाए थे और फिर फरवरी 2014 में उसी मैदान पर नंबर 8 पर उतरकर एक और अर्धशतकीय पारी खेली थी. न्यूजीलैंड में टेस्ट पारी के दौरान नंबर 7 या उससे नीचे आकर 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में चंदू बोर्डे, मोहिंदर अमरनाथ, सैयद किरमानी, अतुल वासन, जवागल श्रीनाथ, जहीर खान, हरभजन सिंह और अजिंक्य रहाणे शामिल हैं. 

ध्रुव जुरेल ने क्राइस्टचर्च टेस्ट में दिखाया दम

रविवार को ध्रुव जुरेल ने आठवें विकेट के लिए आकाश दीप के साथ 46 रन जोड़े और फिर नौवें विकेट के लिए गुरनूर बरार के साथ 64 रनों की साझेदारी की. ध्रुव जुरेल ने आखिरी विकेट के लिए जसप्रीत बुमराह के साथ भी 19 रन की पार्टनरशिप की. ध्रुव जुरेल ने 170 गेंद पर 88 रन बनाए और उनकी पारी में 14 चौके शामिल रहे. ध्रुव जुरेल को न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने अपना शिकार बनाया. काइल जेमिसन ने ध्रुव जुरेल को विकेट के पीछे टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच आउट करा दिया. कीवी टीम के लिए तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की पहली पारी 246 रन पर सिमट गई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More