App

काव्या मारन-अनिरुद्ध के रिसेप्शन में क्रिकेट सितारों का जमावड़ा, क्या हुआ जब 'थाला' से मिले 'थलाइवा'?

SRH की सह-मालकिन काव्या मारन और संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के रिसेप्शन में सितारों का जमावड़ा लगा. एक ही छत के नीचे एमएस धोनी, रजनीकांत और अजित कुमार को साथ देख फैंस की धड़कनें तेज हो गईं. तीनों एक ही फ्रेम में दिखे.

काव्या मारन-अनिरुद्ध के रिसेप्शन में क्रिकेट सितारों का जमावड़ा, क्या हुआ जब 'थाला' से मिले 'थलाइवा'?
Image Credit: काव्या मारन-अनिरुद्ध के रिसेप्शन पार्टी में क्रिकेट सितारों का जमावड़ा (Sun news/X)

सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन और महसूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर शादी के पवित्र बंधन में बंध चुके हैं. चेन्नई में दोनों के वेडिंग रिसेप्शन समारोह में सितारों का मेला लगा, जिसमें भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी सहित कई क्रिकेट स्टार्स शामिल हुए. फैंस की धड़कनें तब तेज हो गईं, जब पार्टी में एक छत के नीचे उन्हें चेन्नई के दो सबसे बड़े सुपरस्टार के दर्शन हुए. जी हां, काव्या-अनिरुद्ध के वेडिंग रिसेप्शन में 'थाला' और 'थलाइवा' दोनों साथ दिखे. स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और महान एक्टर रजनीकांत को एक फ्रेम में देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

चेन्नई में आयोजित हुए इस ग्रैंड रिसेप्शन में एमएस धोनी के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व कप्तान केन विलियमसन और श्रीलंका के पूर्व महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन भी शामिल हुए. 2016 में SRH को आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी रिसेप्शन में पहुंचे.

काव्या मारन के रिसेप्शन में सितारों का जमावड़ा

'सन न्यूज' ने सोशल मीडिया पर रिसेप्शन की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर की, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और उनकी पत्नी साक्षी का स्वागत करते देखा गया. माही को साउथ फिल्मों के सितारों के साथ भी देखा गया, जिसमें 'थलाइवा' रजनीकांत और फिल्म निर्माता एटली शामिल थे. एक ही फ्रेम में 'थाला- थलाइवा' को देख फैंस बेहद खुश हुए और दोनों की मौजूदगी से काव्या मारन और अनिरुद्ध के रिसेप्शन में चार चांद लग गया.

जब थाला से मिले थलाइवा

एमएस धोनी और रजनीकांत ने काव्या मारन और अनिरुद्ध को शुभकामनाएं दी और गले मिलकर तस्वीर भी खिंचवाई. थाला और थलाइवा भी एक दूसरे से बातचीत करते दिखे. तमिल फिल्मों के सुपरस्टार अजित कुमार भी अपनी पत्नी शालिनी के साथ रिसेप्शन में शामिल हुए. इस पार्टी के सबसे चर्चित तस्वीर में रजनीकांत, अजित के साथ CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी एक ही फ्रेम में नजर आ रहे हैं. इस रिसेप्शन में SRH और साउथ अफ्रीका के पूर्व महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ शामिल हुए.

 

बता दें कि काव्या और अनिरुद्ध ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक निजी समारोह में शादी की. उसके बाद दोनों ने चेन्नई में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया, जिसमें क्रिकेट और तमिल फिल्मों के कई बड़े सितारे पहुंचे. दो दिनों तक चले इन जश्न के कार्यक्रमों में क्रिकेट, सिनेमा, व्यापार और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां एक साथ नजर आईं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो