App

भारत के खिलाफ चौथे ODI से पहले न्यूजीलैंड की खतरनाक चाल, 5 गेंद पर 5 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज को टीम में किया शामिल

भारत के खिलाफ बाकी दो वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड ने ब्रेट रैंडेल को टीम में शामिल किया है. ब्रेट रैंडेल ने एक ही ओवर में लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट लेकर इतिहास रचा था.

भारत के खिलाफ चौथे ODI से पहले न्यूजीलैंड की खतरनाक चाल, 5 गेंद पर 5 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज को टीम में किया शामिल
Image Credit: Brett Randell

भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे इंटरनेशनल मैच के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में एक खतरनाक तेज गेंदबाज को शामिल किया है. यह वही गेंदबाज है, जिसने इसी साल क्रिकेट के इतिहास में ऐसा कारनामा किया था, जो 254 साल के फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पहले कभी नहीं हुआ. न्यूजीलैंड ने ब्रेट रैंडेल को भारत के खिलाफ बाकी बचे दो ODI मुकाबलों के लिए अपनी टीम में जगह दी है. ब्रेट रैंडेल ने लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लेकर इतिहास रचा था.

31 साल के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें ODI मैच के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया गया है. वह शुक्रवार को होने वाले चौथे ODI मुकाबले में अपना इंटरनेशनल डेब्यू भी कर सकते हैं. भारत पांच मैचों की इस ODI सीरीज में 2-0 से आगे है. टीम इंडिया ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की थी, जबकि हेमिल्टन में खेला गया तीसरा ODI मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम बाकी मुकाबलों में वापसी करने के इरादे से उतरेगी.

भारत के खिलाफ कीवियों की बड़ी चाल

ब्रेट रैंडेल ने इस साल की शुरुआत में इतिहास रच दिया था, जब वे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के 254 साल के इतिहास में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने.  ब्रेट रैंडेल अब तक 146 प्रोफेशनल मैच खेल चुके हैं, जिनमें न्यूजीलैंड 'ए' के ​​लिए खेले गए पांच मैच भी शामिल हैं. हाल ही में ब्रेट रैंडेल इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में डर्बीशायर टीम के साथ खेलकर लौटे हैं. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने रविवार को होने वाले पांचवें और आखिरी वनडे के लिए ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन को भी टीम में शामिल किया है.

कौन है 5 गेंद पर 5 विकेट चटकाने वाला गेंदबाज?

ब्रेट रैंडेल ने इस साल मार्च में न्यूजीलैंड की प्लंकेट शील्ड में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ सेंट्रल स्टैग्स की ओर से खेलते हुए इतिहास रचा था. मैच के दूसरे दिन, उन्होंने लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लिए. ऐसा करने वाले वे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के 254 साल के इतिहास में पहले गेंदबाज बने. हालांकि रैंडेल ने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी होने का कारनामा किया, लेकिन इससे पहले भी क्रिकेट के अन्य फॉर्मेट में पांच गेंदों पर पांच विकेट लिए जा चुके हैं. 

न्यूजीलैंड के हेड कोच ने ब्रेट रैंडेल का स्वागत किया

जुलाई 2025 में आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर एक घरेलू टी20 मैच के दौरान, प्रोफेशनल क्रिकेट में पांच गेंदों पर पांच विकेट लेने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बने थे. इससे पहले, 2024 में जिम्बाब्वे महिला टीम की ऑलराउंडर केलिस न्धलोवु ने भी एक घरेलू अंडर-19 टी20 मैच में ऐसा ही कारनामा किया था. न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने रैंडेल को उनके पहले इंटरनेशनल कॉल-अप के लिए बधाई दी और घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन की तारीफ की. 

वाल्टर ने कहा, 'जब कोई खिलाड़ी पहली बार इंटरनेशनल टीम में चुना जाता है, तो वह हमेशा एक खास पल होता है.' उन्होंने आगे कहा, 'हम ब्रेट के लिए बहुत खुश हैं. वह काफी समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने यह मौका अपनी मेहनत से हासिल किया है. इस सीरीज के दौरान टीम में कुछ बदलाव हुए हैं, इसलिए हम खुशकिस्मत हैं कि हम ब्रेट और जोश को टीम में शामिल कर पाए हैं.'

19 नवंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी कुछ बदलाव किए हैं, क्योंकि टीम अब भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू कर रही है, जो 19 नवंबर से शुरू होगी. नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के पाथवे कोच मिच रेनविक और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच कोरी माइलीज, ODI सीरीज के लिए हेड कोच वाल्टर और मार्टिन गप्टिल के साथ जुड़ गए हैं. वहीं, रेगुलर बॉलिंग कोच जैकब ओरम, बैटिंग कोच ल्यूक रोंची और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच क्रिस डोनाल्डसन ODI स्क्वॉड से हटकर टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वेलिंगटन चले गए हैं.

चौथे ODI के लिए न्यूजीलैंड की टीम

मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग.

पांचवें ODI के लिए न्यूजीलैंड की टीम

मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More