4 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में बॉलिंग: भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में दिए 4 रन, फिर हुई जमकर पिटाई; चोट भी लगी
भुवनेश्वर कुमार न्यूजीलैंड के खिलाफ बॉलिंग में काफी महंगे साबित हुए. वह 4 ओवर में कोई विकेट नहीं ले पाए. मैच के दौरान भुवी को चोट भी लगी और वह मैदान पर काफी देर तक दर्द से परेशान दिखे.
भारतीय क्रिकेट फैंस को जिस पल का इंतजार था, वह आखिरकार आ गया. उन्हें गेंदबाजी के 'स्विंग किंग' कहे जाने वाले भुवनेश्वर कुमार को चार साल के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में बॉलिंग करते हुए देखने का मौका मिला गया. उन्हें पिछली बार नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही 22 नवंबर 2022 में बॉलिंग की थी. भुवनेश्वर ने क्राइस्टचर्च में 22 अक्टूबर (गुरुवार) को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में गेंदबाजी की. उनके लिए बॉलिंग में यह वापसी यादगार नहीं रही और वह काफी महंगे साबित हुए. भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 49 रन लुटा दिए और उन्हें कोई सफलता भी नहीं मिली.
भुवनेश्वर को पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुना गया था. वह चार साल बाद टीम में वापस आए थे, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले के लिए अचानक ही उन्हें बुला लिया. अर्शदीप सिंह के अनफिट होने के कारण भुवनेश्वर टीम में आए. वह बेंगलुरु में आखिरी टी20 के दौरान प्लेइंग-11 में भी शामिल थे, लेकिन बारिश के कारण उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला.
पहले ओवर में स्विंग का जादू
टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भुवी को पहले ओवर में गेंद थमाई. आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलने वाले इस गेंदबाज ने अपने पुराने अंदाज में ही शुरुआत की. पहले ओवर में उन्होंने आउट स्विंग और इन स्विंग दिखाई. इस ओवर में उनके सिर्फ चार रन बने. भुवनेश्वर की इस वापसी से फैंस खुश तो हुए, लेकिन कुछ ही देर में यह निराशा में बदल गई.
दूसरे ओवर से लय में नहीं दिखे भुवी, चोट भी लगी
भुवनेश्वर जब दूसरे ओवर में आए तो अपनी लय खो बैठे और 17 रन दे बैठे. इस ओवर में उन्होंने एक नो-बॉल फेंका. वहीं, साइफर्ट ने दो चौके और एक छक्का लगाया. इस तरह भुवी ने दो ओवर में 21 रन खर्च कर दिए. इसके बाद कप्तान अय्यर ने उन्हें डेथ ओवरों में गेंदबाजी के लिए बुलाया. वह 15वें ओवर में बॉलिंग के लिए आए. उन्होंने पहली गेंद पर दो और दूसरी गेंद पर एक रन दिया. दूसरी बॉल ग्लेन फिलिप्स ने सामने की ओर शॉट मारा और भुवनेश्वर ने उसे रोकने का प्रयास किया. इस दौरान उनके हाथ में चोट लग गई और वह काफी देर तक मैदान पर उससे परेशान रहे. टीम इंडिया के फिजियो आए और उन्होंने भुवी के हाथ को सेंकने का काम किया. कुछ देर वह बॉलिंग के लिए तैयार हुए और इस ओवर में एक छक्के समेत कुल 14 रन दिए.
ये भी पढ़ें: 85 रन और 5 विकेट: 6 फीट 8 इंच लंबे खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया पर बरपाया कहर, डेल स्टेन ने बताया वर्ल्ड का बेस्ट क्रिकेटर
भुवनेश्वर के ऊपर दिखी थकान
भुवनेश्वर को 20वें ओवर में गेंदबाजी के लिए फिर बुलाया गया और इसमें भी 14 रन बने. इस तरह भुवी ने 4 ओवरों में कुल 49 रन दिए. गेंदबाजी में पहले ओवर को छोड़कर वह कुछ खास नहीं कर पाए और काफी महंगे साबित हुए. दाएं हाथ के इस गेंदबाज के ऊपर यात्रा की थकान साफ तौर पर दिखाई दे रही थी. टीम इंडिया को न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद ज्यादा आराम करने का मौका नहीं मिला और गेंदबाजों पर इसका देखने को मिलता है. अब देखना है कि आगे के मैचों में वह किस तरह बॉलिंग करते हैं.
ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया की नई पीढ़ी, 4 साल में बदल गए 10 खिलाड़ी, सिर्फ इन 5 के पास T20I खेलने का अनुभव
न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स की फिफ्टी
न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन का स्कोर खड़ा किया. उसके लिए दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने तूफानी पारी खेली. उन्होंने 40 गेंद पर नाबाद 82 रनों की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले. फिन एलन ने 24 गेंद पर 45 और बेवन जैकब्स ने 16 गेंद पर 31 रन बनाए. भारत के लिए अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली.